हस्तिनापुर में मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले गंगा स्नान मेले का शनिवार को भव्य उद्घाटन किया गया। इस दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, डीएम दीपक मीणा व एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी मौके पर मौजूद रहे। मेले में असामाजिक तत्वों पर तीसरी आंख से भी नजर रखी जाएगी। तंबुओं की नगरी को बसाने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला पंचायत द्वारा आयोजित कराए जा रहे गंगा स्नान मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मेला आठ नवंबर तक चलेगा। मखदुमपुर मेले की तैयारियों को देखने के लिए एसडीएम अखिलेश यादव ने भी मेला स्थल का निरीक्षण किया।
मेले में पहुंचने वाले महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के स्नान करने के लिए गंगा के किनारे पर अलग-अलग घाट बनाए जा रहे हैं। जिन्हें बनाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जहां पर जल्द ही घाट बनकर तैयार होंगे जिसमें महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की अलग से व्यवस्था की जा रही है। गंगा स्नान मेले में दीपदान और पिंडदान के लिए दूरदराज से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। जो अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए गंगा में दीपदान पिंडदान करते हैं इसके साथ ही मुंडन संस्कार आदि की क्रियाएं भी गंगा किनारे पर की जाती हैं।