50- 50 हजार के इनामी याकूब कुरैशी और बेटे इमरान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। दोनों की तलाश में पुलिस लंबे समय से ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी। दोनों की सटीक लोकेशन मिलने पर एसपी क्राइम अनित कुमार ने एसओजी और सर्विलांस की टीम को लेकर दिल्ली में डेरा डाल दिया। आधी रात को पुलिस टीम ने चांदनी नगर थाना पुलिस को साथ लेकर कोठी की घेराबंदी कर ली। जिसमें याकूब कुरैशी और उनका बेटा अपने परिचितों के साथ रह रहे थे। पुलिस टीम ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। याकूब कुरैशी और उनके बेटे इमरान की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वहीं, याकूब के रिश्तेदार मेरठ से दिल्ली के लिए रात में ही रवाना हो गए। याकूब कुरैशी बसपा सरकार के समय मंत्री रह चुका है और उसका बेटा इमरान बसपा के टिकट से चुनाव लड़ चुका है। याकूब कुरैशी के मीट पैकिंग के प्लांट और बड़े स्लॉटर हाउस (कमेले) मेरठ में हैं। याकूब ने कभी डेनमार्क के कार्टूनिस्ट का सिर कलम करने वाले को 51 करोड़ का इनाम देने की घोषणा की थी।
याकूब कुरैशी और उनके बेटे इमरान की गिरफ्तारी की खबर रात में सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। उनके परिचितों ने एक दूसरे को फोन करके बताया कि हाजी इमरान और पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। सभी लोग खरखौदा थाने में पहुंच गए। सोशल मीडिया पर इस खबर के वायरल होने पर मेरठ पुलिस भी अलर्ट हो गई और लोगों से अपील की कि वे खरखौदा थाने में भीड़ न जुटाएं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद पिता पुत्र को कुछ देर खरखौदा थाने में रखा। जहां से मेडिकल कराने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।