यूपी पुलिस, आपकी सेवा सदैव तत्पर के दावे करने वाली पुलिस खुद ही लाचार हो तो फिर सुरक्षा की उम्मीद किससे की जाए। आलम यह है कि जिन वाहनों से पुलिस गश्त करती है और अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों को जिन वाहनों से मौके पर पहुंचना होता है वही दुरुस्त न हों, तो अपराधी आखिर कैसे पकड़े जाएं? असामाजिक तत्वों से निपटने में पुलिस कितनी सक्षम है इसकी तस्वीर मेरठ में मंगलवार रात दो बजे दिल्ली रोड पर दिखाई दी। दरअसल, यहां स्टंटबाजों को पकड़ने के लिए निकली पुलिस की जीप अचानक बंद हो गई। स्टंटबाज तो हाथ नहीं आए लेकिन पुलिस को रस्सा बांधकर टाटा मैजिक से जीप खिंचवानी पड़ी।
अमर उजाला के कैमरे में पुलिस की लाचारी की कई तस्वीरें कैद हो गई। हालांकि अधिकारियाें से जब इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना था कि जीप में अचानक कुछ खराबी आ गई थी, जिससे वह बंद हो गई थी। जीप को खिंचवाकर लाना पड़ा लेकिन तुरंत ही जीप को ठीक करा लिया गया। वहीं जीप खराब होने के कारण पुलिस रात भर गश्त नहीं कर पाई। बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब स्टंटबाज पुलिस को ठेंगा दिखाकर भागे हों, इससे पहले भी पुलिस वाहन के अचानक बंद होने के मामले भी सामने आते रहे हैं।