विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर यातायात व्यवस्था की भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेरठ के लोहिया नगर और कृषि विवि में वाहन पार्किंग के साथ-साथ कुछ रूट में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस सड़कों पर व्यवस्था संभालेगी। प्रत्याशियों के एजेंट के अलावा कर्मचारियों और अधिकारियों की वाहन पार्किंग की जगह निर्धारित कर दी गई है।
आज होगा मतगणना के लिए अंतिम प्रशिक्षण
वहीं, मतगणना के लिए आज एसडी सदर में कर्मचारियों को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक एसडी सदर में 133 टीमों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक टीम में चार सदस्य हैं। वहीं सात विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच वीवीपैट पर्चियों की गिनती भी की जाएगी। इसके लिए भी अलग से टीम गठित की गई है।
मंगलवार को भी पोस्टल बैलेट कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके लिए 35 टीम लगाई गई हैं। इसमें एक टीम में चार लोग हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक पोस्टल बैलेट कर्मचारियों को अलग से प्रशिक्षण दिया गया। 13 हजार सर्विस वोटर को विधानसभावार इलेक्ट्रॉनिकली पोस्टल बैलेट भेजे गए हैं। इनके लिए 36 टीम लगी हैं। मतगणना स्थल पर एक टीम में दो लोग होंगे। इन्हें मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी जाएगी। क्यूआर कोड से इलेक्ट्रॉनिक पोस्टल बैलेट स्कैन करने के बाद संबंधित टीम के सदस्य के मोबाइल पर ही ओटीपी आएगा।