मेरठ में भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह को बुधवार को जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर सदर बिजेंद्र सिंह अभी लापता है। उसकी तलाश में पुलिस ने दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लग सका। एसपी सिटी और सीओ क्राइम ने सदर थाने में इस मामले में लिखा-पढ़ी कराई है।
सदर बाजार थाने में सात महीने पहले ट्रक की फर्जी चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। एसएसपी ने इंस्पेक्टर सदर बिजेंद्र सिंह राणा को दोबारा से मामले की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद बिजेंद्र सिंह राणा ने ट्रक मालिक इमरान, ड्राइवर अब्दुल सलाम निवासी मसूरी गाजियाबाद और ट्रक खरीदने वाले मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी कबाड़ी वकार को पकड़ा था। आरोप है कि ट्रक बरामद कराने की बात कहकर ट्रक मालिक और ड्राइवर को छोड़ा गया, इसकी एवज में उनसे चार लाख रुपये की रिश्वत ले ली। वकार को छोड़ने के लिए भी एक लाख रुपये की रिश्वत मांग ली। यह डील सदर थाने के हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह ने की। वकार सोमवार को 50 हजार रुपये देकर छूट गया, बाकी रकम मंगलवार को देना था।