सरधना नगर व देहात क्षेत्र खासकर ठाकुर चौबीसी के संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर मामूली कहासुनी और झड़प के बीच दोपहर तक मतदान शांतिपूर्वक चलता रहा। अंतिम चरण में पहले चंद्रशेखर हायर सेकेंडरी स्कूल के बूथ पर, तो उसके बाद संत चार्ल्स इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान और किसी सपा नेता से मारपीट की अफवाह पर बखेड़ा हो गया। भाजपा और बसपा-सपा समर्थकों के बीच नोकझोंक हो गई। जिसके बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव व फायरिंग कर दी। पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग कर भीड़ को खदेड़ा। मौके पर पहुंचे एसएसपी ने बवालियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मतदान के अंतिम दो घंटो में नगर के दो पोलिंग बूथों पर सपा, बसपा और भाजपा समर्थकों के बीच जमकर झड़प हुुई। इस दौरान बसपा और सपा का एक खास वर्ग का वोटर एकजुट होकर भाजपाइयों के विरोध में सामने आ गया। पहले चंद्रशेखर हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर फर्जी मतदान को लेकर विधायक संगीत सोम समर्थकों और बसपाई-सपाइयों की झड़प हुई। विधायक जब वहां से संत चार्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचे तो दूसरी पार्टी के लोग वहां पर भी जा पहुंचे और पुलिस पर विधायक को वहां से हटाने का दबाव बनाने लगे।
विधायक संगीत सोम ने इस दौरान कहा कि वह प्रत्याशी हैं। चुनाव के दौरान वह पोलिंग बूथ पर जा सकते हैं। लेकिन वह पोलिंग बूथ से काफी बाहर खडे़ हैं, तो फिर उन्हें आपत्ति क्यों है। विधायक ने दूसरे वर्ग के लोगों से शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की, तो विपक्षी वहां से विधायक की गाड़ी हटवाने पर अड़ गए। इसको लेकर मामला बढ़ा तो विधायक वहां से चले गए।
भीड़ ने लिया बलवाईयों का रूप
विधायक के वहां से निकलते ही भीड़ ने बलवाईयों का रूप ले लिया। पुलिस पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी भीड़ को खदेड़ने के लिये लाठीचार्ज किया। लेकिन भीड़ पुलिस पर भारी पड़ गई और पुलिस को मतदान केंद्र में घुसकर जान बचानी पड़ी। सूचना पर एसपी देहात, सीओ और एसडीएम फोर्स लेकर पहुंचे और भीड़ को खदेड़ा। लेकिन भीड़ ने फिर पथराव कर दिया। मौके पर पहुंचे एसएसपी ने इस मामले में विधायक संगीत सोम को क्लीन चिट देते हुये बलवाईयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की बात कही। इस घटना को लेकर नगर में तनाव बना हुआ है। वहीं फरीदपुर के पोलिंग बूथ पर लाइसेंसी पिस्टल ले जाने पर पुलिस ने विधायक संगीत सोम के भाई आर्मी से रिटायर गगन सोम को हिरासत में ले लिया।