मेरठ जनपद में सोमवार देर रात गढ़ रोड स्थित रेड कॉरपेट मंडप में किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह दिन निकलते ही परिजनों ने रोड जाम कर हंगामा कर दिया। इस दौरान परिजनों व ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए कई घंटे तक जाम लगाए रखा। वहीं, मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद एसपी देहात भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन, परिजन कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। उधर, सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाया। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि प्रियंका गांधी से बात करेंगे और कार्रवाई के लिए शासन-प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने परिवार से कहा कि बच्ची को इंसाफ दिलाकर रहेंगे।
वहीं हंगामे के दौरान मृतक किशोरी की मौसी बेहोश हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की मांग है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।