जांच और पंचनामे की कार्रवाई से बचने के लिए नौचंदी थाना पुलिस ने सड़क पर मिले एक युवक के शव को उठाया और ई-रिक्शा में 500 मीटर दूर ले जाकर दूसरे थाना क्षेत्र लोहिया नगर में फेंक दिया।
पुलिस की यह करतूत सीसीटीवी फुटेज से उजागर हुई। इसके बाद दोनों थानों के प्रभारी भी दिनभर सीमा विवाद में उलझते रहे। एक दुकानदार ने एसएसपी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर सीसीटीवी फुटेज सौंप दिया। एसएसपी ने शास्त्रीनगर एल ब्लाक चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, बीट कांस्टेबल राजेश को निलंबित कर दिया। होमगार्ड रोहताश की सेवा समाप्त करने के लिए एसएसपी ने होमगार्ड कमांडेंट को चिट्ठी भेजी हैं। मृतक की अभी पहचान नहीं हुई है।