सुरक्षा का जायजा लेते सीओ कोतवाली, सिटी मजिस्ट्रेट, एसएसपी अजय साहनी व डीएम अनिल ढींगरा
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली, असम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और लखनऊ में सीएए के विरोध में हुए बवाल को देखते हुए पुलिस-प्रशासनिक अमला गुरुवार को सड़क पर उतर आया। शुक्रवार को अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था को प्रभावित किया जा सकता है, इसका इनपुट मिलने के बाद कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम, आईजी आलोक सिंह, डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी पुलिस फोर्स को लेकर सड़कों पर उतर गए।
हापुड़ अड्डा चौराहा, भूमिया पुल और बेगमपुल पर अधिकारियों ने पैदल मार्च निकाला। लोगों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने सभी जिम्मेदार और गणमान्य लोगों से आह्वान किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को समझाएं कि वह कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर चलने वालीं आपत्तिजनक वीडियो या पोस्ट आदि पर ध्यान न दें। धार्मिक स्थलों पर किसी तरह की बैठक या सभा आदि न करें।