उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। पत्नी पर बुरी नजर रखने वाले एक रिश्तेदार को झूठे केस में फंसाने को बिछाई गए जाल में आरोपी खुद ही फंस गया। वहीं आरोपी के दो अन्य साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। यही नहीं नकली नोट बाजार में खपाने की भी पोल खुल गई। पुलिस ने 58 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने प्रेस वार्ता कर जाली नोट पकड़े जाने का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि नजीबाबाद पुलिस ने जाली नोट बाजार में खपाने वाले आरोपी कयूम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी बुध बाजार कस्बा नूरपुर, हाल निवासी मोहम्मद असलतपुरा मेहंदी का चौराहा गलशहीद मुरादाबाद, वरुण पुत्र रामनिवास कृष्णरामपुर थाना स्योहारा और कौशल पुत्र शिव किशोर सिंह निवासी कृष्णा रामपुर थाना स्योहारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सौ के 525 जाली नोट, पांच सौ के 11 जाली नोट सहित कुल 58 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। वहीं 4830 रुपये के असली नोट भी बरामद किए गए हैं।