मैनपुरी जिले में बुखार से मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती महिला सहित जिले में बुखार से पीड़ित नौ मरीजों की मौत हो गई। जिला अस्पताल में 88 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी में ओपीडी चलाकर 170 मरीजों को उपचार दिया गया। कस्बा घिरोर के बाड़ा वाली गली निवासी राकेश कुमार की 45 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने शनिवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कोसमा मुसलमीन निवासी सरफराज मिर्जा के 17 वर्षीय पुत्र फरमान, कस्बा ज्योंती निवासी तुकमान सिंह की 25 साल की पुत्री पूनम, कोतवाली थाना क्षेत्र के रमईहार निवासी 40 वर्षीय अतर सिंह को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजन निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे, रविवार को तीनों की मौत हो गई। बिछवां के गांव नगला मुरली निवासी बालिस्टर सिंह की 15 वर्षीय पुत्री आराधना को चार दिन पहले बुखार आया, परिजनों ने शनिवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया। सैफई में रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई।