नवोदय छात्रा की कथित हत्या के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अब हिंदी दिवस के कार्यक्रम में आए लोगों की सूची तैयार की है। यह आयोजन छात्रा की मौत से ठीक दो दिन पहले हुआ था। सूत्रों के अनुसार एसआईटी इन लोगों की भी डीएनए जांच कराने की तैयारी कर रही है। हाईकोर्ट के आदेश पर नवगठित एसआईटी नवोदय छात्रा की मौत का राज तलाशने में पूरा जोर लगा रही है। फोरेंसिक टीम की मदद से भी एसआईटी सुराग तलाशने की कोशिश कर रही है। स्टाफ व अन्य लोगों से पूछताछ में एसआईटी को नवोदय में आयोजित हुए कार्यक्रम के बारे में जानकारी हुई है। दरअसल नवोदय में छात्रा का शव 16 सितंबर 2019 को सुबह फंदे पर लटका मिला था। इससे ठीक दो दिन पहले ही विद्यालय में 14 सितंबर को हिंदी दिवस पर एक आयोजन किया गया था। इसमें विद्यालय स्टाफ के अलावा कई बाहर के लोगों ने भी प्रतिभाग किया था।