फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Weather Update: तेज आंधी-बारिश ने मचाया तांडव, आम जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त, 50 दिनों बाद मिली गर्मी से राहत

Tue, 24 May 2022 10:01 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

सोमवार को जिले में तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। हालांकि इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन चरमराई बिजली व्यवस्था ने परेशान किया। कई जगह पेड़ गिरने, टीन शेड उखड़ने, खंभे व तार टूटने, फीडर शट डाउन, ब्रेकडाउन जैसी समस्याएं हुईं।
विज्ञापन
1 of 8
तेज आंधी और बारिश से जीवन अस्त व्यस्त - फोटो : अमर उजाला
इस सीजन में पिछले ढाई महीनों में से करीब 50 दिनों तक लगातार चिलचिलाती गर्मी पड़ने के बाद राहत भरा मौसम आया है। इन दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रहा। चौंकाने वाली बात यह भी है कि इस बार 27 मार्च के बाद पहली बार अधिकतम तापमान लुढ़ककर 35 डिग्री सेल्सियस तक आया। एक दिन में पांच डिग्री पारा गिरने से लोगों ने बड़ी राहत महसूस की। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी हवाओं के जरिये वातावरण में फैली नमी के कारण अधिकतम तापमान पांच डिग्री लुढ़ककर 35 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम होकर 25.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। एक दिन पहले शहर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस था। महानगर में दोपहर को चली तेज आंधी के बाद ऐसा माहौल बन गया था कि तेज बारिश भी होगी लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बारिश और शहर के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी तक ही सीमित रहा।

चंद्रशेखर आजाद (सीएसए) कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई तक इसी तरह की धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार महानगर में बढ़ते हीट लैंड की वजह से इस बार लंबे समय तक चिलचिलाती गर्मी पड़ी है। यह लोगों के लिए चेतावनी भी है।
विज्ञापन

2 of 8
तेज बारिश के चलते गर्मी से राहत - फोटो : सोशल मीडिया
महानगर में सोमवार दोपहर को 60 किलोमीटर की रफ्तार से चली आंधी ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। पूरे शहर में सौ से अधिक बड़े पेड़ उखड़ गए, सैकड़ों की डालियां टूट गईं और बड़ी संख्या में बिजली के पोल और तार टूटकर सड़कों पर बिखर गए। पेड़, डालियां और जगह-जगह भवनों पर लगे टीन शेड टूटने की वजह से कई दोपहिया और चार पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

आंधी की वजह से करोड़ों की आर्थिक क्षति हुई, जबकि कई लोग घायल भी हो गए। डबल पुलिया से विजय नगर रोड पर हाईमास्ट लाइट का पोल गिरने से बाइक सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। धूल भरी आंधी की वजह से लोगों का सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया। आंधी अचानक से इतनी तेजी से आई कि बाहर सड़कों और बाजारों में रहे लोगों को छुपने के लिए जगह भी नहीं मिली।
विज्ञापन

3 of 8
आंधी में गिरा हाई मास्क पोल - फोटो : अमर उजाला

इन स्थानों पर आई दिक्कत

डबल पुलिया के पास एक हैंडलूम के शोरूम पर पेड़ टूटकर गिर पड़ा, जिससे शोरूम का एक तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दोपहर में घटना की सूचना नगर निगम कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। वहां से दो कर्मचारी आए लेकिन पेड़ हटाए बिना लौट गए। इसी तरह शास्त्री नगर के ब्लॉक नंबर - 248 में पेड़ गिरा। छह बंगलिया स्थित कमिश्नर के आवास परिसर में भी नीम के पेड़ की डाल टूटकर गिरी, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। इस बीच काकादेव स्थित इंडसइंड बैंक के सामने खड़ी एक कार पर पेड़ गिरा, जिससे वह कई जगह से क्षतिग्रस्त गई।

मसवानपुर स्थित मामा तालाब के पास, विष्णुपुरी, सर्वोदय नगर, हैलट, जीटी रोड में जुगल पैलेस के पास, सीडीआई ऑफिस, पहाड़पुर जैसे कई मोहल्लों में कई पेड़ धराशायी हो गए। नगर निगम उद्यान विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया। कुछ स्थानों पर टीमों ने पेड़ों को सड़क से हटाकर किनारे किया, जिनसे यातायात बाधित हो रहा था। अन्य को बाद में हटाने का आश्वासन देकर लौट गए। डबल पुुलिया से विजय नगर रोड पर हाई मास्ट लाइट गिरने से यातायात घंटों प्रभावित रहा। इसी तरह घंटाघर के पास लोकमन मोहाल में जर्जर मकान का छज्जा गिर गया, जिससे चार कारें और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

4 of 8
टिनशेड गिरने से क्षतिग्रस्त हुई कार - फोटो : अमर उजाला

तिनके की तरह हवा में उड़ा भारी टीन शेड

तेज रफ्तार आंधी की वजह से बर्रा स्थित सत्या हॉस्पिटल के सामने लगा बड़ा टीन शेड उखड़कर ऐसे उड़ा जैसे कोई तिनका हो। तेज हवा की वजह से दस कुंतल से अधिक भारी टीन शेड लोहे के खंभों के साथ करीब पचास फीट दूर जाकर गिरा। इसकी चपेट में वहां खड़ी एक कार भी आ गई। कार की छत बीच से ऐसी टूटी जैसे किसी ने दो टुकड़े कर दिए हों। इसी तरह किदवई नगर के-ब्लॉक स्थित राधव माधव मंदिर के पास पेड़ गिरने से प्रदीप अग्रवाल की कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, के-ब्लॉक में चार और वाई-ब्लॉक में भी कई पेड़ धराशायी हो गए। दबौली ई ब्लॉक के पीछे लगे ट्रांसफार्मर के पास लगे खंभे के तारों पर एक पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। पेड़ गिरने से तीन खंभे भी टूट गए।
विज्ञापन

5 of 8
आईटीआई पांडुनगर के सामने गिरा पेड़ - फोटो : अमर उजाला

हैलट में टीन उड़ी, कॉलेज में पेड़ गिरा

आंधी से हैलट ओपीडी में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। जैसे ही हवा तेज हुई धूल चारों तरफ छा गई। उसी में ओपीडी की छत के ऊपर से दो टीनें उड़कर नीचे गिरीं। एक बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो गया। भगदड़ में एक और रोगी को हल्की चोर्ट आईं। टीन सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी। अगर किसी व्यक्ति से टकराती, तो बड़ा हादसा हो जाता। वहीं जीएसवीएम मेडिकल कालेज परिसर में एक पेड़ गिर गया। साइकिल से जा रहा एक व्यक्ति एक डाल के नीचे आ जाने से घायल हो गया। उसकी हैलट इमरजेंसी में मरहम पट्टी की गई। इसके अलावा कई पेड़ों की शाखें टूट कर गिर गईं।
विज्ञापन

6 of 8
विजय नगर में घर में बनी दुकान के ऊपर गिरा पेड़ - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम कंट्रोल रूम के फोन खराब, शहरवासी परेशान

मौसम की पहली आंधी आते ही नगर निगम कंट्रोल रूम की पोल खुल गई। 24 घंटे संचालित होने वाले इस कंट्रोल रूम में दो फोन लगे हैं, जिनके नंबर 05122526004, 05122526005 हैं। ये दोनों फोन आंधी आते ही खराब हो गए। कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8601801104 ही काम करता रहा, पर वह भी ज्यादातर व्यस्त बताता रहा, जिसकी वजह से तमाम लोग कंट्रोल रूम में अपनी दिक्कतें दर्ज नहीं करा पाए।
विज्ञापन

7 of 8
शास्त्री नगर में पेड़ जड़ से उखड़ गया - फोटो : अमर उजाला

आंधी से गिरा नीम का पेड़, चलती कार दबी

तेज आंधी से कृष्णा नगर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने एक नीम का भारी पेड़ धराशायी हो गया। इसकी चपेट में एक कार आ गई। इसमें सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। नगर निगम की टीम ने पेड़ की डाल काटकर उन लोगों बाहर निकला। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
विज्ञापन

8 of 8
पनकी के अलग-अलग इलाकों में आई आंधी के बाद गिरे पेड़ - फोटो : अमर उजाला

तेज हवा से धराशायी हुए पेड़, उखड़े टीन शेड, गिरे खंभे

तेज आंधी से साउथ में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए। घरों और प्रतिष्ठानों में लगे भारी भरकम टीन शेड तक उखड़ गए। कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। बर्रा सात में एचटी लाइन का खंभा झुक गया। वहीं, बर्रा सात स्थित सत्या हाॅस्पिटल में लगा टीन शेड़ उखड़कर सड़क पर आ गिरा। चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि कार में कोई सवार नहीं था। पेड़ की डाल गिर गई, जिससे घंटे भर यातायात प्रभावित रहा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें