उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर घमासान जारी है। मतदान के दौरान कई जगह बवाल और फायरिंग की भी सूचना आ रही है। हमीरपुर और इटावा में सपा भजपा समर्थकों में हिंसक झड़प हुई है। कई राउंड फायरिंग भी हुई है। पुलिस ने भी आंसू गैस फायरिंग की है। स्पेशल पुलिस बुलाई गई है। वहीं इटावा से भाजपा सदर विधायक सरिता भदौरिया और जिला अध्यक्ष के साथ पुलिस की कहासुनी भी हुई है। हमीरपुर के सुमेरपुर विकासखंड में ब्लाॅक प्रमुख पद के लिए हो रहे मतदान के दौरान सपा व भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दो वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ सपा प्रत्याशी समेत उनका बीडीसी भाई घायल हो गया। हालांकि मामले को शांत करा पुलिस ने प्रत्याशी व उनके भाई को मतदान स्थल में प्रवेश कराया। जिले में ब्लाॅक प्रमुख पद को लेकर सुमेरपुर का चुनाव सबसे अधिक संवेदनशील है। यहां चुनाव को लेकर शुक्रवार रात से सरगर्मियां तेज हैं। जहां जालौन के एट थानाक्षेत्र स्थित एक महाविद्यालय में रुके सपा प्रत्याशी जयनारायन सिंह यादव के समर्थक बीडीसी सदस्यों के साथ मारपीट की गई।