कुलदीप सेंगर से मिलने के बाद साक्षी महाराज (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में उन्नाव दुष्कर्म कांड को लेकर लोगों के मन में गुस्सा है। ऐसे माहौल में भी बीजेपी के सांसद साक्षी महाराज ने जेल में बंद उन्नाव के बांगरमऊ से दुष्कर्म के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जन्मदिन की बधाई दी है।
ट्विटर पर साक्षी महाराज द्वारा अपने आधिकारिक अकाउंट से दी गई ये बधाई चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल उन्नाव में गुरुवार को एक सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जला दिया गया। जिसके बाद उत्तर प्रदेश की पूरी सियासत में उबाल आ गया।
90 प्रतिशत तक जली पीड़िता को पहले लखनऊ रेफर किया गया, उसके बाद उसे गुरुवार देर शाम इलाज के लिए दिल्ली भेज दिया गया। एक तरफ लोग इस घटना को लेकर आहत दिखे, वहीं दूसरी तरफ गुरुवार को ही साक्षी महाराज का ट्वीट सामने आया, जिसमें उन्होंने एक अन्य गैंगरेप मामले में जेल में बंद कुलदीप सिंह सेंगर को जन्मदिन की बधाई दी है।
प्रियंका ने साक्षी महाराज पर बोला हमला
- फोटो : अमर उजाला
साक्षी महाराज के ट्वीट पर प्रियंका का हमला
साक्षी महाराज के इस ट्वीट पर विपक्षी दलों ने हमला किया है और इसे बीजेपी का असली चेहरा करार दिया है। अपने ट्वीट में साक्षी महाराज ने लिखा है, 'सुदिनं सुदिनं जन्मदिनं तव, भवतु मंगलं जन्मदिन। चिरंजीव कुरु पुण्यवर्धनम, विजयी भव सर्वत्र सर्वदा, जगति भवतु तव सुयशो गानम। कुलदीप सिंह सेंगर विधायक बांगरमऊ को जन्मदिवस की अनन्त कोटि शुभकामनाएं।