फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: वीएसएसडी में फिर तेंदुआ ‘नाचा’, कैमरे में कैद हुई चहलकदमी, अभी तक पकड़ नहीं पाई वन विभाग की टीम

Mon, 29 Nov 2021 06:43 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
1 of 5
वीएसएसडी कॉलेज परिसर में दिखा तेंदुआ - फोटो : अमर उजाला
कानपुर में नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज में शनिवार रात देखे गए तेंदुए के अभी भी परिसर में ही होने की आशंका है। रविवार रात 1:21 बजे भी उसकी चहलकदमी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। परिसर के अंदर झाड़ियों के पास उसके पैरों के निशान मिले हैं। इसके अलावा हॉस्टल के छात्रों ने भी देखने का दावा किया है। सूचना पर सोमवार सुबह फिर से वन विभाग की टीम ने तेंदुए की खोज शुरू की लेकिन कहीं पता नहीं चला।

झाड़ियों में छिपा हो सकता है तेंदुआ
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज परिसर में झाड़ियों के आसपास पैरों के निशान मिले हैं। उसके आधार पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। केवल झाड़ियों के भीतर खोजबीन नहीं की जा सकी है। इसके अलावा कॉलेज परिसर में झाड़ियों के पास एक नाला है, जो कि चिड़ियाघर में जाकर मिलता है। हो सकता है कि नाले में तेंदुए ने कहीं सुरक्षित ठिकाना बना लिया हो। नाले के भीतर कांबिंग भी नहीं की जा सकती है।
विज्ञापन

2 of 5
कैमरे में कैद तेंदुआ - फोटो : अमर उजाला
पास के दो स्कूलों में भी तेंदुए के पहुंचने की चर्चा 
कॉलेज परिसर की बाउंड्री से सटे सेठ मोतीलाल खेड़िया और पं. दीनदयाल उपाध्याय स्कूल हैं। तेंदुए के देर रात इन दो स्कूलों में भी जाने की चर्चा है। मोतीलाल खेड़िया स्कूल के गार्ड ने तेंदुआ देखने का दावा किया है। गार्ड से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन वह मिला नहीं।

दोबारा उड़ाया गया ड्रोन
रविवार देर रात तेंदुआ दिखने पर वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को दोबारा ड्रोन कैमरे को उड़वाकर फुटेज लिए। तेंदुए के झाड़ी में छिपे होने की आशंका है, लेकिन ड्रोन कैमरा झाड़ियों के भीतर की फुटेज नहीं ले सका।
विज्ञापन

3 of 5
झाड़ियों की तरफ जाते हुए मिले पैरों के निशान - फोटो : अमर उजाला
रात में रुकते तो पकड़ा जा सकता था 
वन विभाग की टीम ने तेंदुआ पकड़ने के लिए एक पिंजरा रखा है। इसमें बकरा भी कैद है। हालांकि देर रात वन विभाग का कोई भी आदमी वहां नहीं रुका। अगर टीम रुकती तो तेंदुए को ट्रैंकुलाइज्ड कर पकड़ा जा सकता था। 

4 of 5
वन विभाग की टीम ड्रोन से कर रही तेंदुए की खोज - फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत से मंगाए नाइट विजन कैमरे
तेंदुए को पकड़ने के लिए कॉलेज परिसर में नाइट विजन कैमरे लगाने की तैयारी है। वन विभाग ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को पत्र लिखकर 10 नाइट विजन कैमरों की मांग की है।

छात्रावास में दहशत का माहौल
वीएसएसडी के छात्रावास में दहशत का माहौल है। कई छात्रों ने परिसर में तेंदुआ देखने का दावा भी किया। इससे छात्रों में दहशत है। उन्होंने खुद को हॉस्टल में कैद कर लिया है। छात्रों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी तो वे घर आने को कह रहे हैं। परीक्षाएं नजदीक होने के चलते भी छात्र चिंतित हैं।

50 घंटे सर्च ऑपरेशन के बाद भी हाथ नहीं लगा तेंदुआ
वन विभाग की रेस्क्यू टीम और वन्य प्राणी उद्यान के डॉक्टरों की टीम 50 घंटे सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद भी तेंदुआ (मादा) नहीं पकड़ पाई। जबकि तेंदुआ आधा घंटे से ज्यादा वीएसएसडी और पं. दीन दयाल उपाध्याय परिसर में टहलता रहा। वन्य जीव संस्थान के विशेषज्ञ रिषभ पांडेय ने बताया कि रविवार को दो पिंजरे लगाए गए थे। एक पिंजरा वीएसएसडी परिसर और दूसरा बैराज की तरफ वाले गेट के पास रखा गया है। रविवार रात परिसर के अंदर रेस्क्यू की आठ सदस्यीय टीम दो गाड़ियों में मौजूद थी। हालांकि टीम तेंदुए के पिंजरे के पास आने का इंतजार करती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
वन विभाग की टीम कर रही तेंदुए की खोज - फोटो : अमर उजाला
छात्रों से बातचीत 
तेंदुआ जल्दी पकड़ा जाए तो अच्छा होगा। रात में ठीक से नींद भी नहीं आती है। कहीं भी आवाज होती है तो लगता तेंदुआ आ गया। - शिवम सिंह, बिल्हौर

परिजन कह रहे कि घर आ जाओ। परीक्षाएं पास में हैं, घर जा नहीं सकते और यहां पर डर लगता है। अब क्या करें, समझ नहीं आ रहा है। - आकाश प्रजापति, फर्रुखाबाद

रात में झाड़ियों की ओर से किसी के चलने की आवाज सुनाई पड़ती है। अब तो कमरे से बाहर आने जाने में भी डर लगता है। - शुभम, फतेहपुर

हॉस्टल में कोई न कोई छात्र रात में जागता ही रहता है। हम लोग किसी एक के जागने की ड्यूटी लगाकर ही सोते हैं।- विकास मौर्या, लखीमपुर खीरी

टीम लगाकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रात में भी टीम को रोका जाएगा। जल्द ही नाइट विजन कैमरे भी लग जाएंगे।- एके सिंह, उप प्रभारी वन अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें