कानपुर के प्रेमनगर में रविवार रात छह मंजिला भवन में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। भूतल में जूते बनाने वाले कारखाने में पहले ये आग लगी, इसके बाद सभी मंजिल में फैलती चली गई।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक छह मंजिला भवन में भीषण आग गई। आग लगने से बेसमेंट में एक के बाद एक लगातार तीन धमाके हुए। ड्रम में भरे केमिकल के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। रातभर आग पर काबू पाने की कोशिश की जाती रहीं, सोमवार की सुबह आग पर काबू पाया जा सका। दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपती और तीन बच्चियां शामिल हैं। भीषण अग्निकांड में पांच सदस्यों को खोने वाले परिवार के लोगों का बुरा हाल है।
विज्ञापन
2 of 9
ऐसे धधकती रही इमारत
- फोटो : अमर उजाला
भूतल पर था मिलिट्री के जूते बनाने का कारखाना
जानकारी के अनुसार, कानपुर के चमनगंज थाना इलाके के घनी आबादी वाले प्रेमनगर इलाके में कारोबारी दानिश की छह मंजिला इमारत है। इसमें दानिश और उसके भाई कासिफ का ही परिवार रहता है। भूतल पर दानिश का मिलिट्री के जूते बनाने का कारखाना है। इसके ऊपर गोदाम है। इमारत के अन्य तलों में जूते रखे हुए थे। रविवार को कारखाना बंद था। रात करीब 9:30 बजे कारखाने में आग लग गई।
विज्ञापन
3 of 9
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
आग को बढ़ता देख इमारत में रह रहे परिवार के लोग जान बचाकर भागे। सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा दमकल की कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दो सौ मीटर के दायरे को सील कर देर रात तक आग बुझाने के साथ ही बचाव अभियान शुरू किया गया। एहतियातन आसपास की इमारतों को खाली कराया गया।
4 of 9
शवों को निकालते दमकलकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
सूचना पर एडीएम राजेश सिंह के अलावा एक दर्जन से ज्यादा थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। देर रात तक आग बुझाने का काम जारी था। एसडीआरएफ को भी मौके पर बुला लिया गया था। इमारत में आग लगने से दरारें भी पड़ गईं हैं।
विज्ञापन
5 of 9
कारखाने में आग लगने के बाद उठीं लपटें
- फोटो : संवाद
रविवार रात 9:30 बजे छह मंजिला इमारत के भूतल में जूते बनाने वाले कारखाने में आग लगी। ऊंची-ऊंची लपटें देख अफरातफरी मच गई। दमकल की 35 गाड़ियां देर रात तक आग बुझाने की कोशिश में जुटी रहीं, सोमवार सुबह आग पर काबू पाया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।
विज्ञापन
6 of 9
आग पर काबू पाया गया
- फोटो : एएनआई
तीन मंजिल तक भरे थे जूते-केमिकल, इसलिए तेजी से फैल गई आग
कानपुर के चमनगंज में जिस इमारत में आग लगी थी, उसमें ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीन मंजिल तक जूते और केमिकल भरे थे। इसी कारण आग कुछ देर में ही बढ़ती चली गई। चौथी और पांचवीं मंजिल पर परिवार थे, जो आग लगने पर वहां पर फंस गए। उसमें से एक तो छह माह की बच्ची भी फंसी थी।
विज्ञापन
7 of 9
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
चमनगंज में फैले दमघोंटू धुएं से सांस लेना हुआ मुश्किल
कानपुर के चमनगंज की छह मंजिला इमारत में आग लगने के बाद क्षेत्र में लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया। लोग अपने नाक और मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर निकले। बुजुर्गों की जहां सांस फूलने लगी, वहीं बच्चों और किशोरों को भी परेशानी हुई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने केमिकल और जूतों के ढेर में आग लगने की वजह से हानिकारक गैसें निकलने की वजह बताया।
8 of 9
कानपुर में अग्निकांड के बाद
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के लोगों ने कूलर, एसी, पंखें बंद कर दरवाजे और खिड़कियां खोल दी। कई लोगों को जी मचलाने का अहसास हुआ, जिसको देखते हुए मौके पर मौजूद डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ ने लोगों की जांच की। क्षेत्र के लोगों ने खुद को बचाने के लिए गीला कपड़ा मुंह पर लपेटा तब जाकर उन्हें राहत मिली। इस बीच बचाव कार्य में लगी पुलिस ने आस पड़ोस की इमारतों को भी खाली कराया।
हैलट और उर्सला में भर्ती करने के लिए किए गए इंतजाम, मौके पर पहुंचीं कई एंबुलेंस
आग में फंसे हुए और धुएं की चपेट में आए लोगों के लिए हैलट और उर्सला अस्पताल में इंतजाम किए गए। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को बुलाया गया। दोनों ही अस्पतालों में बेड सुरक्षित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई एंबुलेंस भी भेजी गईं। उसमें ऑक्सीजन और अंबु बैग की सुविधा दी गई। कुछ लोगों ने सांस फूलने की समस्या बताई, जिस पर उनको कुछ देर के लिए ऑक्सीजन लगाया गया।