गोविंदनगर थाना क्षेत्र के नौरैयाखेड़ा में शनिवार देर रात फैक्टरी कर्मी रोहित कुमार (23) के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार सुबह कमरे की फर्श पर अर्द्धनग्न हालत में पड़ा मिला। शव के पास खून जमा हुआ था और दरवाजे खुले पड़े थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या किसने और क्यों की, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
फतेहपुर के मलवां के कुटिया गांव निवासी रोहित कुमार दादानगर स्थित एक पान मसाला फैक्टरी में काम करता था। परिवार में छोटा भाई विशाल मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है। वहीं, तीन बहनें सोनी, मोनी, पूनम हैं। रोहित की चाची रेखा ने बताया कि रोहित बीते दो माह से नौरैयाखेड़ा में किराये का कमरा लेकर साढ़ के रसूलपुर निवासी शिवा के साथ रह रहा था।
रोहित के रूम पार्टनर के परिवार में किसी का देहांत हो गया था इसके चलते वह शनिवार को गांव चला गया। बताया कि रविवार सुबह भतीजी मोनी के उन्नाव में रहने वाले रिश्तेदार ने उसे फोन करके रोहित की मौत की जानकारी दी।
इस पर वह लोग शहर पहुंचे। वहां कमरे में फर्श पर रोहित का अर्द्धनग्न शव पड़ा हुआ था। चाची का आरोप है कि आखिर उस युवक को कैसे पता चला कि रोहित की मौत हो गई है। इसके बाद से न तो वो मौके पर आया न ही फोन रिसीव कर रहा है।
परिजन ने उसी युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भारी वस्तु से सिर के दाहिनी ओर वार किया गया। हेड इंजरी से कोमा में जाने के कारण मौत की पुष्टि हुई है।
गोविंदनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि कमरे में फर्श पर युवक का शव मिला था। परिजन की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।