कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार को चौरीचौरा ट्रेन के पटरी से उतरने के मामले की जांच चार सदस्यीय टीम करेगी। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय ने चार सदस्यीय जेएजी स्तर की बहु-विभागीय कमेटी गठित की है। कमेटी में संरक्षा, यांत्रिक, विद्युत (परिचालन) और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी शामिल हैं। वहीं, करीब पाैने 11 घंटे बाद कोचों को पटरी से हटाकर प्लेटफार्म नंबर सात से यातायात बहाल किया जा सका।
ट्रेन संख्या 15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस बुधवार शाम 5:03 बजे सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना हुई। स्टेशन से महज दो मिनट आगे बढ़ने पर इसके चार एसी कोच बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई थीं। इन कोचों में करीब 301 यात्री सवार थे। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पाैने 11 घंटे बाद बृहस्पतिवार सुबह 3:50 बजे चारों प्रभावित कोचों को पटरी से हटाया जा सका।