फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में तीन की दर्दनाक मौत: छत पर सीमेंट का लेप और नीचे पीवीसी, नवजात को स्तनपान करा रही थी मां, अचानक गई जान

Mon, 09 Nov 2026 12:31 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, कानपुर

सार

यूपी के कानपुर जिले में एक मकान की कच्ची छत ढह गई, मलबे में दबकर मां और नवजात समेत तीन की मौत हो गई। हादसे के वक्त मां नवजात को स्तनपान करा रही थी। दादी भी मौके पर मौजूद थीं। परिजन ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
1 of 11
Kanpur House Collapse - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कानपुर के पनकी पड़ाव के भवसिंह में रविवार सुबह कच्चे मकान के कमरे की कच्ची छत ढह गई। मलबे में दबकर 21 दिन के नवजात, उसकी मां और दादी की मौत हो गई। तेज आवाज सुन परिजन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर किसी तरह तीनों को मलबे से बाहर निकाला। 

एक ही घर में तीन मौतों से कोहराम मच गया। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, एडीसीपी योगेश कुमार, एसीपी कल्याणपुर, तहसीलदार आदि ने निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

भवसिंह निवासी अवधेश शुक्ला उर्फ लालू कालपी रोड में इलेक्ट्रॉनिक शॉप चलाते हैं। परिवार में दो बेटे हर्षित उर्फ रामजी, अमन शुक्ला और अवधेश की मां विनोदिनी (75) हैं। पत्नी ऊषा का आठ साल पूर्व निधन हो चुका है। प्राइवेटकर्मी बड़े बेटे हर्षित की डेढ़ वर्ष पूर्व गुमटी नंबर पांच निवासी अंशिका (27) से शादी हुई थी। 21 दिन पहले अंशिका ने बेटे को जन्म दिया। उसका नाम आरव रखा गया।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
परिजनों से जानकारी लेते डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी व एडीसीपी योगेश कुमार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परिजन ने बताया कि रविवार सुबह परिवार दिवाली की तैयारियों में जुटा हुआ था। सुबह करीब 7:30 बजे हर्षित और अमन घर के आंगन में बैठे थे। अवधेश घर का मुख्य दरवाजा साफ कर रहे थे। अंशिका घर के पीछे कमरे में बेटे आरव को दूध पिला रही थीं। वहीं विनोदिनी भी पहुंच गईं। इसी दौरान अचानक कमरे की कच्ची छत भर-भराकर ढह गई।

 
विज्ञापन

3 of 11
छत गिरने के दौरान हादसे में हुई तीन लोगों की मौत के बाद घर के बाहर एकत्रित ग्रामीण - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तेज आवाज सुन सभी कमरे की ओर भागे। तीनों को मिट्टी और बांस बल्ली के नीचे दबा पाया। किसी तरह मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया। अस्पताल में डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तहसीलदार विनय कुमार द्विवेदी और लेखपाल रवि प्रकाश त्रिपाठी ने परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

 

4 of 11
पनकी पड़ाव में छत गिरने के दौरान हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद रोते परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
धन्नी की छत पर था सीमेंट का लेप, नीचे थी पीवीसी
अवधेश के घर में कुल चार कमरे हैं। सभी की छतें कच्ची हैं। पीछे वाले कमरे में अंशिका और हर्षित का बेडरूम है। कुछ माह पहले बारिश के दौरान घर की छत टपकने के चलते अवधेश ने हर्षित के कमरे में ऊपर से सीमेंट और गिट्टी का पतला प्लास्टर करवा दिया था। नीचे बल्ली न दिखें इसलिए उसे पीवीसी फॉल सीलिंग लगाकर ढक दिया गया था। यही कारण रहा कि छत कमजोर होती रही किसी को पता नहीं चला। अचानक भरभरा कर ढह गई।
 
विज्ञापन

5 of 11
पनकी पड़ाव में इसी कमरे की गिरी छत जिसमें दबकर तीन की मौत हो गई है - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
...तो शायद बच जातीं तीनों जान
आरव की मालिश करने के लिए गांव की सुनीता प्रतिदिन 10 बजे घर आती थीं। आंगन में चटाई बिछाकर उसकी मालिश की जाती थी। दिवाली के चलते सुनीता सुबह 7:25 बजे पर ही आ गईं। हालांकि, आरव जगा नहीं था और अंशिका उसे स्तनपान करा रही थीं इसलिए विनोदिनी ने कुछ देर बाद आने को कह दिया। सुनीता घर से कुछ दूर गई ही थीं कि अचानक हादसा हो गया। घटना के बाद लोग यही चर्चा कर रहे थे कि अगर बच्चे की मालिश हो रही होती तो हादसे के वक्त सभी कमरे से बाहर होते। शायद सभी की जान बच जाती।
विज्ञापन

6 of 11
नवजात आरव की मौत के बाद सदमे में दादा, पोते के दुनिया छोड़ने की सच्चाई स्वीकार नहीं कर पा रहे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पूरा गांव उमड़ पड़ा, हर आंख नम
दिवाली के दिन एक घर में तीन मौतों से गांव में शौक की लहर दौड़ गई। पूरा गांव अवधेश के घर के बाहर जमा हो गया। कुछ देर में अंशिका के रिश्तेदार और अन्य परिजन भी पहुंच गए। चारों ओर चीख पुकार मच गई। पोस्टमार्टम के लिए एक साथ तीन शवों को जाता देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

 
विज्ञापन

7 of 11
विनोदिनी की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हाय...कल ही तो घर गई थी, अब ये क्या हो गया
हर्षित की मां ऊषा देवी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। दादी विनोदिनी घर संभालती थीं। डेढ़ वर्ष पहले अंशिका शादी कर ससुराल आई तो पूरा घर संभाल लिया। इधर आरव का जन्म होने पर अंशिका की मां देखरेख के लिए बेटी की ससुराल आ गई थीं। 15 दिन तक यहां रहने के बाद त्योहार के चलते एक दिन पहले ही वह अपने घर लौटी थीं। घटना के बाद वे बेटी का शव देख बदहवास हो गईं। पोते और बेटी का शव देख चीखते हुए बोलीं, कि हाय कल ही तो घर गई थी बिटिया, ये क्या हो गया। कुछ तो बोलो, चुप क्यों हो।

8 of 11
आरव की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आरव को होश में लाने का प्रयास करते रहे बाबा
21 दिन पहले आरव का जन्म होने पर अवधेश ने पूरे गांव में लड्डू बंटवाए थे। रविवार को उसकी मौत के बाद वे सुधबुध खो बैठे। सीएचसी में मृत घोषित होने के बाद जब तीनों के शव घर पहुंचे तो अवधेश बच्चे का शव गोद में लेकर होश में लाने का प्रयास करते रहे। कभी उसका सिर हिलाते, तो कभी नाक बंद कर उसमें सांस होने की संभावना जताते रहे।

 

9 of 11
अंशिका की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कोख से जन्मा, गोद में दम तोड़ा
जिस वक्त घटना हुई आरव अपनी मां की गोद में स्तनपान कर रहा था। मलबे से जब निकाला गया तो वह अंशिका की गोद में ही था। तीनों शवों का पोस्टमार्टम क्रिया होने के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। इस दौरान दो अर्थियां सजाई गईं। एक में विनोदिनी जबकि दूसरी में अंशिका और साथ में आरव को रखा गया। यह दृश्य देख लोगों की आंखों से आंसू नहीं रुक सके। महिलाओं ने कहा कि आरव अपनी मां की कोख से जन्मा, गोद में दम तोड़ा और आखिरी यात्रा भी मां के साथ ही की।

 

10 of 11
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस - फोटो : amar ujala
पसरा मातम, न पटाखे फूटे, न झालरें जलीं
पनकी पड़ाव भवसिंह में इतनी बड़ी घटना होने के बाद लोग उबर नहीं सके। दिवाली के दिन रात में सन्नाटा सा पसरा रहा। इलाके में न तो दिए जले न किसी ने झालरें जलाईं। इस दौरान बच्चों तक ने पटाखे नहीं फोड़े। हर कोई अवधेश, हर्षित व अन्य परिजन को सांत्वना देता रहा। हादसे की सूचना पर विधायक सुरेंद्र मैथानी, सपा नेता सम्राट विकास सहित अन्य नेता भी पहुंचे। सभी ने परिजन को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद की बात कही।
 
विज्ञापन

11 of 11
एसएम कासिम आबिदी - फोटो : अमर उजाला
कच्चे मकान की छत ढहने से नवजात समेत तीन लोगों की मृत्यु हुई है। शवों के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार हो गया है। तहसीलदार व लेखपाल ने मौका मुआयना किया है। परिवार की हर संभव मदद कराई जाएगी।- एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी वेस्ट
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें