पूर्व ब्लॉक प्रमुख के चंगुल में फंसने वाली किशोरी को इस हालत में पहुंचाने वाली उसकी अपनी बुआ ही सबसे बड़ी जिम्मेदार है। वह उसे नोएडा से उसके मां-बाप के पास यह कहकर लेकर निकली थी कि उसे गांव में दादा-दादी के पास पहुंचा देगी। चार दिन तक वह घर नहीं पहुंची। इधर-उधर ही टहलाती रही।
इसी बीच रविवार की रात उसे लेकर यहां पूर्व ब्लॉक प्रमुख के कॉलेज में पहुंच गई। जहां उसकी इज्जत पर हाथ डालने की वारदात सामने आई। यह सनसनीखेज खुलासा खुद नोएडा से यहां पहुंचे किशोरी के माता-पिता ने ही किया है। किशोरी के पिता ने तो अपनी बहन पर उसे धोख देने तक का आरोप लगा डाला।
किशोरी की मां के मुताबिक उसकी ननद दिल्ली में रहकर इसी तरह का काम करती है। नोएडा से यहां पहुंचे किशोरी के माता-पिता के खुलासे ने सनसनी फैला रखी है। किशोरी के पिता के मुताबिक वह मूलरूप से यहां तिर्वा तहसील क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। पिछले 13 साल से नोएडा में रहकर सिलाई का काम करता है।