कालिंदी एक्सप्रेस को बेपटरी करने की साजिश का पर्दाफाश करने को पुलिस पूरी ताकत से जुटी है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने घटना के दौरान एक्टिव मोबाइल नंबरों को खंगालना शुरू कर दिया है। शिवराजपुर और उसके आसपास तीन मोबाइल टॉवरों से पुलिस ने एक घंटे का डाटा उठाया है। जिसमें 50 हजार नंबर पुलिस के पास आए हैं।
पुलिस इनमें से एक-एक कर नंबर व नंबर धारकों का सत्यापन कर रही है। वहीं सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अब उत्तरीपुरा से उठाए जा रहे हैं। वहीं, मुड़ेरी मोड़ के आसपास के गांवों से पुलिस ने एक बार फिर आठ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ अहम जानकारी हाथ नहीं है। डीसीपी पश्चिम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल टॉवरों से मिले डाटा की छंटनी की जा रही है।