उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मंगलवार को हुई मुठभेड़ के दौरान दबोचे गए दो बदमाशों में एक का सभासद रिश्तेदार भी पुलिस के निशाने पर है। पुलिस को शक है कि सभासद ने ही दोनों बदमाशों को अमृतसर में सराफ के घर पड़ी 30 लाख की डकैती का सोना बेचने के लिए बिजनौर बुलाया था। जिस सराफ को सोना बेचना था, उसकी भी पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान मंडावर रोड से पंजाब के पटियाला की प्रोफेसर कॉलोनी निवासी एनएसजी के बर्खास्त कमांडो रंजीत उर्फ फौजी व मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली निवासी अमजद को दबोचा था। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी थी। सिपाही बादल ढाका भी गोली लगने से घायल हुआ था। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से 305 ग्राम सोना, दो पिस्तौल और बाइक बरामद की थी।