पति की लंबी उम्र व परिवार में सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने बुधवार को करवाचौथ का व्रत रखा। बरेली के कई मंदिरों में सामूहिक पूजन हुआ। लाल जोड़े में सुहागिनों ने करवाचौथ व्रत की कथा सुनी। दिनभर उपवास के बाद शाम को चांद के निकलने का इंतजार करती रहीं। जैसे ही चांद निकला, पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ महिलाओं ने पार्क में एकत्र होकर पूजन किया। पति सहित घर के अन्य बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर व्रत पूरा किया। इस दौरान सुहागिनों ने पति के साथ सेल्फी ली।
बरेली में मजहब की दीवार तोड़कर प्रेम विवाह करने वाली सबा उर्फ सोनी देवल, अलीशा उर्फ शुभांगी और शाहजीन उर्फ आरोही ने भी अपने-अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा। परंपरागत तरीके से व्रत रखकर शाम को पूजन किया। चांद और पति का चेहरा देखकर अन्न-जल ग्रहण किया।