जिसे गोद लेकर पाला-पोसा। निकाह कराकर उसका परिवार बसाया, उसी बेटे ने मां की हत्या कर दी। आरोपी बेटे को गिरफ्तार करने के बाद बरेली पुलिस ने सोमवार को फरीदा बेगम हत्याकांड का खुलासा कर दिया। शहर के कोहाड़ापीर में 17 जनवरी की शाम वृद्धा फरीदा बेगम (70) का शव रसोई में पड़ा मिला था। उनकी हत्या सिर पर किसी वजनदार चीज मारकर की गई थी, जिससे उसके सिर की हड्डी कई जगह टूटी मिली थी। फरीदा इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. नफीस की रिश्तेदार थीं। मृतका के दत्तक पुत्र अफसय उर्फ लकी खान ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने गहनता से पूरे मामले की जांच पड़ताल की तो पूरा मामला खुल गया। दत्तक पुत्र अफसय ही कातिल निकला। एसपी सिटी राहुल भाटी और सीओ सिटी श्वेता यादव ने पत्रकार वार्ता कर पूरी घटना का खुलासा किया। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।