बरेली में होली से एक दिन पहले आस्था और परंपरा के संगम से ऐसा रंग जमा, जिसमें हर कोई सराबोर हो गया। बरेली में 165वीं बार ऐतिहासिक राम बरात निकाली गई। बराती बने हुरियारों ने जमकर होली खेली।
विज्ञापन
1 of 7
बरेली में निकली में ऐतिहासिक राम बरात
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में परंपरा के रथ पर सवार दूल्हा बने रघुवर, साथ में भ्राता लक्ष्मण और गुरु विश्वामित्र। बराती के रूप में साथ चलती हुरियारों की टोली। फूलों की बारिश के बीच रंगों की मोर्चेबंदी। हवा में उड़ता गुलाल, गुब्बारों से बरसते उमंग के रंग, सतरंगी चेहरे और चारों ओर जयघोष। बृहस्पतिवार को शहर की सड़कों पर ऐतिहासिक राम बरात निकाली गई तो वातावरण राममय हो गया। उल्लसित नाथ नगरी 165वीं बार इस आयोजन की साक्षी बनी। प्रयागराज महाकुंभ से लाए गए जल से मिश्रित इस रंग की बूंदें पड़ीं तो नाथ नगरी निहाल हो गई। मानों सभी पाप-ताप मिट गए।
विज्ञापन
2 of 7
राम बरात में भीड़
- फोटो : अमर उजाला
श्री रामलीला सभा की ओर से ब्रह्मपुरी स्थित नृ़सिंह मंदिर में पूजन के बाद राम बरात की शुरुआत हुई। लकड़ी के 164 साल पुराने रथ पर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण व गुरु विश्वामित्र के स्वरूप सवार हुए। नृसिंह मंदिर से मलूकपुर, बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना, घंटाघर, नावल्टी, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज, साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, बड़ा बाजार, किला, सिटी सब्जी मंडी होते हुए राम बरात वापस नृसिंह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
राम बरात में रंग उड़ाते हुरियारे
- फोटो : अमर उजाला
कुतुबखाना चौराहे पर बरसे रंग
राम बरात कुतुबखाना पहुंची तो पीछे से आ रहीं भारत माता, भगवान शंकर व विघ्नहर्ता की झांकियां भी इसमें शामिल हो गईं। इससे यात्रा अपने पूरे स्वरूप में आ गई। राम बरात के आगे युवाओं की टोली नाचती रही। पीछे बैंड बाजे की धुन पर लोग थिरकते रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर राम बरात का स्वागत किया गया। कुतुबखाना पर हुरियारों की टोली ने मोर्चाबंदी कर लोगों को रंगों से सराबोर कर दिया। नावल्टी चौराहे पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी व निगम के टैंकर से लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर रंग डाला।
बरेली में निकली ऐतिहासिक राम बरात
- फोटो : अमर उजाला
कालीबाड़ी में खुला मोर्चा
राम बरात बरेली कॉलेज गेट पर पहुंची तो लोगों ने छतों से रंग व पानी की बौछार की। जमकर गुलाल उड़ाया गया। कालीबाड़ी में हुरियारों व लोगों के बीच जमकर मोर्चेबंदी हुई। एक ओर से हुरियारे रंग बरसा रहे थे तो दूसरी तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही थी। राम बरात दिनभर शहर की सड़कों पर घूमती रही।
विज्ञापन
5 of 7
बरेली में निकली राम बरात
- फोटो : अमर उजाला
शाम करीब छह बजे नृसिंह मंदिर पहुंचकर यह संपन्न हुई। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से कोतवाली के सामने फूल बरसाकर राम बरात का स्वागत किया गया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, मनोज देवल, अनूप अग्रवाल, शलभ सक्सेना, कपिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
6 of 7
बाइक सवार महिला पर पानी डालते युवक
- फोटो : अमर उजाला
उत्साह में भूले मर्यादा, महिलाओं-बच्चों पर फेंका पानी
राम बरात के आगे चल रही युवाओं की टोली में कई युवक उत्साह में मर्यादा भूल बैठे। उन्होंने जमकर हुड़दंग मचाया। बाजार में खरीदारी करने निकलीं युवतियों, महिलाओं व बच्चों पर भी रंग व पानी डाल दिया। गुब्बारों से रंग बरसाए। बाइक पर जा रहे एक परिवार पर तेज गति से आया गुब्बारा लगा। गुब्बारा बच्ची की आंख के पास लगा तो वह रोने लगी।
वहीं, नशे में धुत कई युवक एक-दूसरे के कपड़े फाड़ते नजर आए। कहीं-कहीं पर लोगों के ऊपर कीचड़ फेंका गया। नावल्टी चौराहे पर मरीज को लेकर जिला अस्पताल जा रही एंबुलेंस भी रास्ते में फंस गई। इसके बाद एंबुलेंस चालक दूसरे रास्ते से मरीज को ले गया।