बरेली जिले में सिलसिलेवार तरीके से हुईं छह महिलाओं की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार करने के बाद जो खुलासा किया है, उस पर मृतका अनीता देवी के परिजनों को यकीन नहीं है। उन्होंने बरामदगी में दिखाए गए सामान पर सवाल उठाए हैं। हौसपुर गांव निवासी सोमपाल (अनीता देवी के पति) का कहना है कि पुलिस ने जिस युवक को पकड़ा है, वह मानसिक रूप से कमजोर है।
सोमपाल ने कहा कि अनीता की हत्या उसी ने की है, इस पर हमें यकीन नहीं है। हमने शक के आधार पर जिन लोगों के नाम बताए थे, पुलिस ने आज तक उनमें से किसी से पूछताछ तक नहीं की। अनीता के पुत्र राजीव ने बताया कि पुलिस ने जो आधार कार्ड आरोपी के पास होना बताया है, वह उनकी मां के शव के पास पड़ी थैली से उसी दिन मिला था, जिस दिन उनकी हत्या हुई थी। पुलिस ने हमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बिंदी का पैकेट, फटा हुआ ब्लाउज दिखाया था।