पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गोवंश लगातार आम जनता के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। आए दिन आवारा गोवंश जहां किसानों की फसलों को चट कर जाते हैं, वहीं आबादी में घूम रहे गोवंश लोगों को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार रहे हैं। मंगलवार को भी बागपत जनपद में जहां एक गोवंश ने एक महिला की जान ले ली। वहीं कस्बा अमीनगर सराय के फव्वारा चौक पर एक सांड ने राहगीरों को जमकर दौड़ा लिया।
दरअसल, अमीनगर सराय के फव्वारा चौक पर निराश्रित सांड का सिर कूड़ेदान में फंस गया। इससे सांड परेशान हो गया और बिफर गया। इसके बाद सांड ने क्षेत्र में तकरीबन दो घंटे उत्पात मचाया। इस दौरान लोगों में अफरा तफरी मच गई। जैसे-तैसे सांड को रस्सी से काबू किया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस पूरे प्रकरण की एक वीडियो ट्वीट करते हुए सरकार से कूड़ेदान की व्यवस्था में बदलाव की मांग की।