उत्तर प्रदेश के बरेली में 11 सितंबर की रात अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के पास अचानक गोली चलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि ये सिर्फ हवाई फायर था, लेकिन धमाके की आवाज ने लोगों को चौंका दिया। उस वक्त परिवार को कुछ पता नहीं चला।
सुबह पड़ोसियों ने जब कारतूस का खोखा दिखाया तो लोग समझ पाए कि रात में फायरिंग हुई थी। पुलिस को शुरुआती जांच में कारतूस के खोखे और स्थानीय लोगों के बयान से जानकारी मिली। इस घटना ने साफ कर दिया कि शूटर्स सिर्फ चेतावनी देना चाहते थे, लेकिन इसके पीछे बड़ी साजिश थी।
दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग ने सिर्फ बरेली ही नहीं, बल्कि पश्चिमी यूपी के बागपत जिले को भी सुर्खियों में ला दिया। जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश के धागे बागपत से जुड़ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने जिन दो शूटरों नकुल और विजय को गिरफ्तार किया, वे मूल रूप से बागपत के रहने वाले हैं। इससे जिले का नाम सीधे इस हाई-प्रोफाइल केस में आ गया।