संगम नगरी प्रयागराज भी अब सुरक्षित है। आप बिल्कुल सही दिशा में बढ़ रहे हैं। आमजन, बेटी-व्यापारी, दलित-पिछड़ों की सुरक्षा में जो खतरा थे, वे सब स्वाहा यानी मिट्टी में मिल गए हैं। इससे प्रदेश और देश खुश है, लेकिन सपा के यहां मातम है। उन्हें आपकी, प्रदेश, बेटी-व्यापारी की नहीं, बल्कि अपनी राजनीति की चिंता थी। देश की कीमत पर कांग्रेस व सपा के लोग राजनीति करना चाहते हैं। सपा का इतिहास काले कारनामों से भरा पड़ा है। यह लोग लगातार अराजकता का तांडव और गुंडागर्दी करते थे।
यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। रविवार को वह फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के सोरांव में सभा भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फूलपुर इतिहास बनाने वाली धरती है। फूलपुर ने उत्थान और पतन का साक्षात अनुभव किया है। प्रवीण पटेल युवा व जुझारू विधायक हैं, इसलिए भाजपा ने इन्हें सांसद प्रत्याशी के रूप में उतारा है। उन्हें इस ऐतिहासिक सीट से जिताइए।
हमने गरीब की जमीन को माफिया से मुक्त कराया
सीएम ने कहा कि फूलपुर की मौर्य परिवार की महिला के पति की हत्या कर माफिया ने उनकी 10 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया था। वह भटकती थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं होती थी। हमने उस परिवार को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया और कहा कि माता जी, चिंता न करो। यह भाजपा सरकार है, जो सुरक्षा भी देगी और सम्मान भी। साथ ही देशद्रोहियों व माफिया को मिट्टी में मिलाने का भी कार्य करेगी।