कोरोना संक्रमण की तीसरी संभावित लहर से बचाव के प्रति सजग लोगों ने मंगलवार को ऐसा उत्साह दिखाया कि केंद्रों पर सुबह से शाम तक लाइनें लगी रहीं। जिले के 48 केंद्रों पर 15710 लोगों ने टीकाकरण कराया। जुलाई महीने में यह सर्वाधिक टीकाकरण का रिकार्ड है। कई केंद्रों पर कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण आधे घंटे वैक्सीनेशन में बाधा आई पर संख्या प्रभावित नहीं हुई। अफसरों के समझाने पर कर्मचारियों ने विरोध के बाद अभियान में सहयोग किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक टीकाकरण अभियान में लोगों का उत्साह और सहयोग बढ़ रहा है। मंगलवार को जिले के 48 केंद्रों पर 15710 लोगों ने टीकाकरण कराया। इनमें 12650 लोगों ने पहली तथा 3060 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। उन्होंने बताया कि देर रात वैक्सीन की आपूर्ति होने की उम्मीद है। जिले में अभी 23000 डोज का स्टाक है। बुधवार को भी टीकाकरण किया जाएगा।