फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : किसी के पास करोड़ों की संपत्ति तो किसी के ऊपर कई मुकदमें, जानें प्रत्याशियों की हैसियत

Tue, 08 Feb 2022 05:11 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

जुलूस और नारेबाजी के साथ प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। सोमवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के अलावा भाजपा के विधायक प्रवीण सिंह पटेल, प्रवीण पटेल, नीलम करवरिया, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, कांग्रेस से अनुग्रह नारायण सिंह, सपा से अंसार अहमद, बसपा से देवेंद्र मिश्र नगरहा आदि ने पर्चा दाखिल किया।
विज्ञापन
1 of 18
Prayagraj News : नामांकन के चलते कलेक्ट्रेट पर काफी गहमा गहमी का माहौल रहा। - फोटो : प्रयागराज
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट पर सबसे ज्यादा गहमा गहमी रही। दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, जनसत्तादल, आम आदमी पार्टी के अलावा छोटे राजनैतिक दलों के भी प्रत्याशी शामिल रहे।


इसके चलते शहर भर में चुनावी माहौल देखने को मिला। जुलूस और नारेबाजी के साथ प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। सोमवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के अलावा भाजपा के विधायक प्रवीण सिंह पटेल, हर्षवर्धन बाजपेयी, प्रवीण पटेल, नीलम करवरिया, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, कांग्रेस से अनुग्रह नारायण सिंह, सपा से अंसार अहमद, अजय मुन्ना, बसपा से देवेंद्र मिश्र नगरहा, अपना दल एस से राकेशधर त्रिपाठी आदि ने पर्चा दाखिल किया।



इस दौरान प्रत्याशिय़ों ने चुनावी हलफनामें में अपनी संपत्ति का विवरण भी दिया। इसके अनुसार किसी की संपत्ति में कई गुना बढ़ोत्तरी हुई है तो किसी के ऊपर कई आपराधिक मामले हैं तो कोई कई वाहनों का मालिक है। 
विज्ञापन

2 of 18
Prayagraj News : कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। - फोटो : प्रयागराज
नंदी से दो गुनी संपत्ति उनकी पत्नी अभिलाषा के पास 

शहर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी एवं कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी से दो गुनी संपत्ति उनकी पत्नी एवं प्रयागराज की मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी के पास है। सोमवार को दाखिल शपथपत्र में नंदी ने अपने पास 5.62 करोड़ की चल एवं 7.27 करोड़ की अचल संपत्ति दर्शाई है। उनकी पत्नी के पास 9.06 करोड़ रुपये की चल एवं 15.30 करोड़ की अचल संपत्ति है।



चल और  अचल संपत्ति को जोड़ लिया जाए तो नंदी के पास 12.89 करोड़ और मेयर के पास 24.36 करोड़ की संपत्ति है। नंदी के पास 940 ग्राम सोने के जेवरात हैं। इसकी कीमत 40 लाख रुपये एवं अभिलाषा के पास 1550 ग्राम सोने के जेवरात हैं। इसकी कीमत 65 लाख रुपये हैं, एवं चार लाख की चांदी एवं उसके बर्तन भी उनके पास हैं।




शपथपत्र में नंदी के पास 69 लाख की बीएमडब्ल्यू कार, 25 लाख की पसाट कार, और 23 लाख की महिंद्रा  रेक्सटॉन रक्स और पत्नी के पास दो टीवीएस मोटर साइकिल, 15 लाख की फोर्ड इनवेडर कार है।  नंदी के पास एक राइफल और पिस्टल हैं। इन दोनों की कीमत तीन लाख रुपये एवं पत्नी के पास भी इसी कीमत की राइफल और पिस्टल है।



नंदी के ऊपर वर्ष 2014 तक नैनी थाने में तीन, मुट्ठीगंज में दो और कोतवाली एवं सिविल लाइंस थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज है।  नंदी के पास 1.94 लाख और अभिलाषा के पास 2.25 लाख रुपये नकद है। उनके ऊपर 81.29 लाख और पत्नी के ऊपर 426.99 लाख रुपये की देनदारी है। 
विज्ञापन

3 of 18
Prayagraj News : करछना से भाजपा प्रत्याशी पीयूष रंजन निषाद। - फोटो : प्रयागराज
निषाद पार्टी से घोषित पीयूष रंजन ने हलफनामे में खुद को बताया भाजपा प्रत्याशी 
निषाद पार्टी से करछना विधानसभा सीट से प्रत्याशी पीयूष रंजन निषाद को भाजपा ने अपना सिंबल दिया है। सोमवार को हुए नामांकन में पीयूष ने अपने हलफनामे में खुद को भाजपा प्रत्याशी बताया है।



हलफनामे में पीयूष ने अपनी चल संपत्ति 1.26 करोड़ और पत्नी शकुंतला निषाद की चल संपत्ति 18.38 लाख रुपये बताई है। जबकि अचल संपत्ति पति-पत्नी के पास क्रमश: 7.09 करोड़ और 1.20 करोड़ रुपये की है। पीयूष महंगी गाड़ियों के शौकीन भी हैं। उनके पास एक फॉर्च्यूनर, इनोवा एवं इंडिका एवं पत्नी के पास मारुति स्विफ्ट कार है।



खुद के पास ढाई लाख नकदी एवं पत्नी के पास उन्होंने 20 हजार रुपये नकदी बताई है। पीयूष ने हलफनामे में बताया है कि उनके पास डेढ़ लाख की पिस्टल है। साथ ही उनपर सिविल लाइंस और औद्योगिक थाना क्षेत्र में दो मुकदमे दर्ज हैं। पीडी टंडन रोड निवासी पीयूष ने अपनी आय का स्रोत्र व्यवसाय बताया है।



वह एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर और एक एसोसिएट्स के प्रोपराइटर भी हैं। अपने पास दो सोने की चेन जिसकी कीमत दो लाख रुपये और पत्नी के पास 8.82 लाख रुपये के गहने उन्होंने हलफनामे में दर्शाए हैं। 

4 of 18
Prayagraj News : मेजा से भाजपा प्रत्याशी नीलम करवरिया। - फोटो : प्रयागराज
पति उदयभान से ज्यादा है नीलम करवरिया की संपत्ति 

दूसरी बार विधायक का चुनाव लड़ने जा रहीं मेजा से भाजपा प्रत्याशी नीलम करवरिया के पास अपने पति एवं पूर्व विधायक उदयभान से ज्यादा संपत्ति हैं। एमए समाजशास्त्र में परास्नातक नीलम करवरिया के पास 2.77 करोड़ की चल एवं 8.28 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनके पति उदयभान के पास 62 लाख रुपये की चल एवं 1.34 करोड़ की अचल संपत्ति है।



नीलम के पास 71 हजार रुपये कीमत की एक पिस्टल एवं पति उदयभान के पास एक पिस्टल और रायफल है। इसकी क्रमश: कीमत डेढ़ लाख एवं 65 हजार रुपये उन्होंने अपने हलफनामे में दशाई है। नीलम ने अपनी आय का स्रोत कृषि, समाजसेवी एवं विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन बताया है। उनके पास सेंट्रो कार, डस्टर, फार्च्यूनर, फोर्स मोटर ट्रैवेलर वाहन है।



सिविल लाइंस स्थित वशिष्ठ विनायक टावर में एक फ्लैट, नई दिल्ली में फ्लैट, लखनऊ के गोमतीनगर में फ्लैट एवं कल्याणी देवी में भवन उनके पास है। पति के नाम मालवीय नगर, कल्याणी देवी में मकान, गाजियाबाद में भूखंड आदि है। उनके 40 लाख से अधिक कीमत के गहने हैं और वह 36 लाख की कर्जदार भी हैं।
विज्ञापन

5 of 18
Prayagraj News : फूलपुर से भाजपा विधायक और प्रत्याशी प्रवीण सिंह पटेल। - फोटो : प्रयागराज
प्रवीण पटेल और उनकी पत्नी हैं कुल 19 बैंक खाते

प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल और उनकी पत्नी गोल्डी पटेल के कुल 19 बैंक खाते हैं। प्रवीन के पास 5.67 लाख और पत्नी के पास 5.40 लाख रुपये नकद हैं। सोमवार को दिए गए हलफनामे में 43 वर्षीय प्रवीण पटेल ने बताया है कि उनके पास एक टोयोटा फार्च्यूनर, एक सुजुकी बाइक, एक महेंद्रा स्कार्पियो और पत्नी के पास एक टोयोटा फार्च्यूनर, होंडा सिविक कार एवं टैंकर है।


प्रवीन की चल संपत्ति 1.14 करोड़ एवं पत्नी की 3.72 करोड़ रुपये है। वहीं अचल संपत्ति 27.36 करोड़ और पत्नी के पास 7.84 करोड़ है। प्रवीण के पास डेढ़ लाख रुपये की रिवाल्वर भी है।



पत्नी के नाम एक पेट्रोल और सीएनजी स्टेशन है। प्रवीण के नाम एक भी आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। अंदावा निवासी प्रवीण ने अपने हलफनामे में प्रवीण ने जीविकोपार्जन का जरिया कृषि, किरायेदारी और विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन दिखाया है। 
विज्ञापन

6 of 18
Prayagraj News : फाफामऊ से भाजपा प्रत्याशी गुरु प्रसाद मौर्य। - फोटो : प्रयागराज
गुरु प्रसाद मौर्य के नाम दर्ज नहीं है एक भी मुकदमा
फाफामऊ से विधायक रह चुके भाजपा प्रत्याशी गुरु प्रसाद मौर्य ने सोमवार को दाखिल अपने शपथ पत्र में बताया है कि उनके खिलाफ एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है। 53 वर्षीय गुरु प्रसाद मौर्य जो इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक हैं उनके पास 85216 रुपये नकद एवं पत्नी कृष्णा देवी मौर्य के पास 3.40 लाख रुपये नकद है।



सात बैंक खातों में उनके पास 737526 रुपये, एवं पत्नी के एक बैंक खाते में 4.51 लाख रुपये है। गुरु प्रसाद की चल संपत्ति 29.56 लाख एवं अचल संपत्ति 52.64 लाख रुपये है। उनकी पत्नी की चल संपत्ति 11.12 लाख एवं अचल संपत्ति 69.91 लाख रुपये है। उनके पास 63.96 लाख रुपये कीमत के दो आवासीय भूखंड एवं एक जगह कृषि योग्य भूमि है।




गुरु प्रसाद के पास एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार है। इसकेे अलावा उनके पास एक तोला सोना, पत्नी के पास पांच तोला सोना एवं एक किलो चांदी है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत कृषि बताया है। उनकेे पास 3.22 लाख रुपये की देनदारी है। 
विज्ञापन

7 of 18
Prayagraj News : प्रतापपुर से अपना दल एस प्रत्याशी राकेशधर त्रिपाठी। - फोटो : प्रयागराज
पांच वर्ष में बढ़ गई राकेश धर और उनकी पत्नी की संपत्ति  

प्रतापपुर विधानसभा सीट से अपना दल एस के प्रत्याशी राकेश धर त्रिपाठी के पास 1.25 लाख नकद है, जबकि उनकी पत्नी प्रमिला त्रिपाठी के पास 98600 रुपये ही नकद है। हंडिया निवासी राकेशधर दस लाख रुपये के कर्जदार भी हैं।


सोमवार को दाखिल शपथपत्र में उन्होंने 99.09 लाख की चल एवं 1.30 करोड़ की अचल संपत्ति दर्शाई है, पत्नी के पास 1.41 करोड़ रुपये की चल एवं 1.80 करोड़ की अचल संपत्ति है। जबकि पांच वर्ष पहले  2017 में हंडिया से प्रत्याशी रहीं पत्नी प्रमिला त्रिपाठी के पास उस समय 90.57 लाख की चल व 1.40 करोड़ की अचल संपत्ति थी।  



2017 में राकेशधर के पास एक करोड़ की चल व एक करोड़ की अचल संपत्ति थी। उनकी पत्नी  77.15 लाख रुपये की कर्जदार भी हैं। आय के स्रोत में उन्होंने विधायक पेंशन, कृषि और पुस्तक रायल्टी को दिखाया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पीएचडी और एमए कर चुके राकेशधर त्रिपाठी  दो लाख रुपये की कीमत की एक रिवाल्वर व एक रायफल है।  पत्नी के पास  35 लाख रुपये के जेवरात हैं।

8 of 18
Prayagraj News : शहर पश्चिमी से सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य। - फोटो : प्रयागराज
जेसीबी, ट्रक समेत 17 वाहन के मालिक हैं अमरनाथ
शहर पश्चिमी से सपा उम्मीदवार अमरनाथ मौर्य के पास छह करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। इसमें 17 वाहन शामिल हैं। इनके पास सात जेसीबी, डंफर, ट्रक आदि वाहन हैं। दो लाइसेंसी असलहे भी हैं।


गौर करने वाली बात यह भी कि  करोड़ों रुपये के मालिक अमरनाथ की वार्षिक आमदनी में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। नामांकन फार्म के साथ जमा हलफनामा के अनुसार 2020-21 में उन्होंने 53.78 लाख रुपये का आईटीआर फाइल किया था। वहीं 2016.17 में 7.67 लाख रुपये का भरा था। अमरनाथ पर 1.28 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज भी है।

9 of 18
Prayagraj News : शहर दक्षिणी सपा प्रत्याशी रईस अहमद। - फोटो : प्रयागराज
रईस की पत्नी भी हैं करोड़ों की मालिक
शहर दक्षिणी से सपा उम्मीदवार रईस चंद्र शुक्ला के पास 6.95 करोड़ अचल तथा 87.25 लाख रुपये की चल संपत्ति है। पत्नी के पास भी 1.78 करोड़ की अचल तथा 46.97 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। इन पर क्रमण 2.18 करोड़ तथा 56.69 लाख का लोन भी है। खास यह कि हलफनामा के अनुसार पांच वर्षों में रईस शुक्ला की आय में कमी आई है।



उन्होंने 2016-17 में 57.59 रूपये का आईटीआर भरा था। वहीं 2020-21 में 11.57 लाख रुपये आईटीआर भरा था। गौर करने वाली बात यह भी है कि पत्नी ने 2017-18 में  62 लाख रुपये से अधिक का आईटीआर भरा था। वहीं 2020-21 में 90 लाख रुपये से अधिक का आईटीआर जमा किया था। रईस के पास एक रिल्वालर भी है।

10 of 18
Prayagraj News : प्रतापपुर से सपा प्रत्याशी विजमा यादव। - फोटो : प्रयागराज
विजमा पर हैं हत्या का प्रयास, डकैती समेत कई मुकदमें
प्रतापपुर से सपा प्रत्याशी विजमा यादव पर डकैती, अपहरण, बलवा समेत कई अपराध में मुकदमें दर्ज हैं। उनके पास दो लाइसेंसी शस्त्र भी है। विजमा ने बहुत पढ़ाई नहीं की है। हलफनामा ने उन्होंने खुद को साक्षर बताया है। विजमा के पास तीन करोड़ रुपये से अधिक अचल तथा 36.40 लाख रुपये की चल संपत्ति है।

11 of 18
Prayagraj News : फाफामऊ विधानसभा से सपा प्रत्याशी अंसार अहमद। - फोटो : प्रयागराज
हाईस्कूल पास हैं अंसार
फाफामऊ से सपा उम्मीदवार अंसार अहमद दसवीं पास हैं। हालांकि अंसार तथा उनकी पत्नी दोनों करोड़पति हैं। अंसार के पास 1.12 करोड़ रुपये की चल तथा 3.39 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। पत्नी के पास 2.28 करोड़ रुपये की अचल तथा 37.76 लाख की चल संपत्ति है। अंसार पर 1.40 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज भी है।

12 of 18
Prayagraj News : करछना से सपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद यादव। - फोटो : प्रयागराज
उज्जवल के पास है 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति
करछना से सपा प्रत्याशी उज्जवल रमण सिंह के पास 20 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति है। नामांकन फार्म केसाथ जमा हलफनामा के अनुसार उनके पास 19.64 करोड़ से अधिक अचल तथा एक करोड़ रुपये से अधिक चल संपत्ति है। पत्नी के पास भी 2.51 करोड़ से अधिक अचल तथा 34.52 लाख रुपये की चल संपत्ति है। हालांकि उज्जवल के नाम कोई वाहन नहीं है। इन पर 2.22 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी भी है।

13 of 18
Prayagraj News : बारा विधानसभा से सपा प्रत्याशी अजय मुन्ना। - फोटो : प्रयागराज
अजय मुन्ना के पास यमुनापार, चित्रकूट में हैं कई भूखंड
बारा से सपा प्रत्याशी अजय भारती मुन्ना के पास यमुनापार तथा चित्रकूट में कई संपत्तियां हैं। हलफनामा के अनुसार उनके पास करीब तीन करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं 2.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। पत्नी के पास दो करोड़ रुपये से चल एवं अचल संपत्ति है तो बच्चे भी लखपति हैं। अजय के पास दो लाइसेंसी असलहे भी हैं।

14 of 18
Prayagraj News : हंडिया से निषाद पार्टी से प्रत्याशी प्रशांत सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। - फोटो : प्रयागराज
गढ़वाल विश्वविद्यालय से विधि स्नातक है प्रशांत 
निर्बल इंडिया शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) से हंडिया विधानसभा प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह राहुल गढ़वाल विश्वविद्यालय से विधि स्नातक हैं। वह हंडिया विधानसभा से पहले भी विधायक रह चुके हैं। उनके पास 11.48 लाख रुपये नकद है।



उनकी कुल चल संपत्ति 1.21 करोड़ और 2.90 करोड़ की अचल संपत्ति है।  पत्नी के पास 15 लाख  की चल संपत्ति है। प्रशांत के ऊपर एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है। उनके पास दो वाहन हैं, उसकी कीमत 33.79 लाख रुपये है। प्रशांत के ऊपर 3.58 लाख रुपये की देनदारी है। दो भवन भी उनके पास है। उसकी कीमत 47 लाख रुपये है। 

15 of 18
Prayagraj News : अपनादल एस से सोरांव से प्रत्याशी जमुना प्रसाद सरोज। - फोटो : प्रयागराज
जमुना प्रसाद के पास 1.50 लाख तो पत्नी के पास है 1.88 लाख रुपये नकद

अपना दल एस से सोरांव सुरक्षित सीट से उम्मीदवार एवं वर्तमान विधायक डा. जमुना प्रसाद सरोज के पास 1.50 लाख तो पत्नी रीता प्रसाद के पास 1.88 लाख रुपये नकद हैं। डबल एमए और बीएड कर चुके जमुना प्रसाद के पास 50.21 लाख की चल संपत्ति एवं 1.75 करोड़ की अचल संपत्ति है। पत्नी के पास 20.88 लाख की चल और 25 लाख की अचल संपत्ति है।



उनके तीन और पत्नी का एक बैंक खाता है। जमुना प्रसाद के खिलाफ एक भी मुकदमा नहीं है।उनके पास एक इनोवा एवं एक टाटा सफारी है। खुद के पास 2.25 लाख रुपये का सोना एवं पत्नी के पास सात लाख का सोना एवं 65 हजार की चांदी है।जमुना प्रसाद के पास लखनऊ में एक फ्लैट भी है। 

16 of 18
Prayagraj News : बारा विधानसभा से नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे अपना दल एस प्रत्याशी डॉ. वाचस्पति। - फोटो : प्रयागराज
वाचस्पति के पास हैं करोड़ों की संपत्ति, दर्ज हैं चार मुकदमे
पूर्व विधायक और अपना दल एस के बारा प्रत्याशी डॉ. वाचस्पति के साथ करोड़ों की संपत्ति है। हलफनामे में उन्होंने बताया है कि  उनके पास कुल साढ़े नौ करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास भी तकरीबन साढ़े सात करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति है। उनके आश्रितों के पास तकरीबन एक करोड़ रुपये की संपत्ति है।


उनके पास दो नली एक बंदूक, एक रायफल, एक रिवाल्वर, सिविल लाइंस स्थित पीडी टंडन रोड पर और लखनऊ गोमतीनगर में एक-एक आवासीय मकान, उनकी पत्नी के नाम सिराथू में दो, मुंडेरा और जयंतीपुर में एक-एक आवासीय भवन है। उन पर धूमनगंज में दो और करेली व पूरामुफ्ती में एक-एक एफआईआर दर्ज है।

17 of 18
Prayagraj News : बसपा प्रत्याशी शहर दक्षिणी देवेंद्र मिश्र नगरहा। - फोटो : प्रयागराज
पेशे से अधिवक्ता हैं देवेंद्र मिश्र 
बसपा से शहर दक्षिणी प्रत्याशी देवेंद्र मिश्र नगरहा पेशे से वकील और किसान हैं। नामांकन के दौरान उनकी तरफ से दाखिल हलफनामे के अनुसार उन पर तीन मामले दर्ज हैं। साथ ही उनके पास एक रिवाल्वर और एक डबल बैरल राइफल भी है। बड़े बेटे हर्षित के नाम से भी एक रिवाल्वर है।



उनके पास बांड, पॉलिसी, जेवरात व बैंकों में रखी धनराशि की कीमत एक करोड़ चार लाख रुपये से अधिक है। पत्नी किरन मिश्रा के पास भी 20 लाख रुपये कीमत के जेवरात, बांड और पालिसी हैं। इसके अलावा एक करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक कीमत की कृषि भूमि और अन्य व्यवसायिक भवन आदि हैं। देवेंद्र मिश्र एलएलबी पास हैं। 




करोड़पति हैं डॉ. अजय कुमार 
बारा सीट से बसपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार एमए, एलएलएम और पीएचडी हैं। शपथ पत्र के अनुसार उनके पास एक करोड़ 12 लाख रुपये की चल संपत्ति है। जिसमें वाहन, जेवरात, बांड, बैंक खातों में जमा धन आदि शामिल है। साथ ही उनके पास करीब 81 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। जिसमें भवन व भूमि है। पत्नी के पास भी 44 लाख रुपये की चल संपत्ति और करीब 10 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। 



सहायक अध्यापक हैं ओम प्रकाश पटेल 
फाफामऊ सीट से बसपा प्रत्याशी ओम प्रकाश पटेल पेशे से अशासकीय सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक हैं। वह एमए, बीएएड डिग्री धारक है। पेशे से नौकरी करते हैं। उनके पास 6 लाख रुपये की चल संपत्ति है और एक करोड़, 22 लाख रुपये अचल संपत्ति है। पत्नी पूनम सिंह के पास 5 लाख रुपये की चल और 22 लाख रुपये कीमत की अचल संपत्ति है।




कक्षा आठ पास हैं पश्चिमी प्रत्याशी गुलाम कादिर 
बसपा से शहर पश्चिमी सीट के उम्मीदवार गुलाम कादिर की तरफ से दाखिल हलफनामे के अनुसार वह कक्षा आठ पास हैं। हालांकि संपत्ति के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उनके पास 35 लाख रुपये की चल संपत्ति है। जिसमें क्रेटा कार, मोटरसाइकिल और बैंक खातों में जमा धन है। साथ ही 95 लाख रुपये कीमत की अचल संपत्ति है। पत्नी शकीला बानो के पास 3 लाख रुपये की चल संपत्ति है।
विज्ञापन

18 of 18
Prayagraj News : नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे कांग्रेस शहर उत्तरी से प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह। - फोटो : प्रयागराज
अनुग्रह के पास है एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति
पूर्व विधायक और कांग्रेस के प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह के पास कुल एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इसमें 59 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति और 51 लाख, 78 हजार रुपये की अचल संपत्ति है। इसके अलावा उन पर कोरोना काल के दौरान उपश्रमायुक्त कार्यालय पर किए गए प्रदर्शन के दौरान मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास भी तकरीबन 17 लाख रुपये की चल संपत्ति है।



30 लाख रुपये कार लोन बकाया है तस्लीमुद्दीन पर
कांग्रेस से शहर पश्चिमी के प्रत्याशी तस्लीमुद्दीन पर 30 लाख रुपये कार लोन के रूप में बकाया हैं। हलफनामे में उन्होंने बताया है कि उनके पास कुल तकरीबन पौने 84 लाख रुपये (चल, अचल) संपत्ति है। इसकेे अलावा उनकी पत्नी के नाम भी 67 लाख रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति है। बच्चों के नाम तकरीबन 67 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति है। 



अल्पना के पास नकदी नहीं
शहर दक्षिणी की प्रत्याशी अल्पना के पास कोई नकदी नहीं है। उनके पति के नाम दो लाख, 24 हजार रुपये जमा हैं। जबकि, कांग्रेस की फाफामऊ की प्रत्याशी दुर्गेश पांडेय के नाम चल संपत्ति के रूप में तीन लाख, 14 हजार रुपये और चार लाख रुपये अचल संपत्ति के रूप में में हैं। हालांकि, पति के पास चल और अचल संपत्ति एक  करोड़ पांच लाख, 21 हजार रुपये है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें