फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माघ मेला : संगम पर खिला वसंत, पुण्य की डुबकी लगाने के लिए उमड़ा आस्था का जनसैलाब 

Sat, 05 Feb 2022 01:03 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

संगम पर विलुप्त मां सरस्वती के अवतरण पर श्रद्धा के अनंत भावों के साथ देश के कोने-कोने से निकले लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। आधी रात से ही स्नान आरंभ हो गया। संगम समेत गंगा के नौ घाटों पर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच डुबकी लगने लगी।
विज्ञापन
1 of 5
Prayagraj News : वसंत पंचमी पर संगम स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। - फोटो : प्रयागराज
वसंत पंचमी पर शनिवार को संगम पर आस्था की लहरें हर तन-मन को अभिसिंचित करती रहीं। भक्ति के प्रवाह में बहने के लिए लोग उसी तरह अतुर दिखे,  जैसे नदियां समुद्र में मिलने के लिए कल कल निनाद करते हुए बढ़ रही हों। संगम तट पर माघ मेला के चौथे स्नान पर्व वसंत पंचमी पर आस्था का जन सैलाब इसी तरह उमड़ पड़ा। मेला प्रशासन ने दिन के 12 बजे तक सात लाख लोगों के संगम स्नान का दावा किया। 

संगम पर विलुप्त मां सरस्वती के अवतरण पर श्रद्धा के अनंत भावों के साथ देश के कोने-कोने से निकले लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। आधी रात से ही स्नान आरंभ हो गया। संगम समेत गंगा के नौ घाटों पर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच डुबकी लगने लगी। गंगा, यमुना के साथ ज्ञान की गहरी जड़ों के रूप में विलुप्त सरस्वती की अनुभूति पाकर हर कोई धन्य होता रहा।

 
विज्ञापन

2 of 5
Prayagraj News : वसंत पंचमी पर संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला। - फोटो : प्रयागराज
भोर से ही उमड़ने लगी थी भीड़
भीड़ को देखते हुए शाम को ही वाहनों का प्रवेश संगम क्षेत्र में रोक दिया गया। लाल मार्ग, काली मार्ग और त्रिवेणी मार्ग पर पौ फटने तक कहीं तिल रखने भर की जगह नहीं बची। स्नान- ध्यान के साथ रेती पर मां वाग्देवी की आराधना, आरती और दीपदान भी होता रहा। वहीं, संतों और कल्पवासियों के शिविरों में भी कहीं यज्ञ, अखंड पाठ तो कहीं संगीतमय कथाएं और कीर्तन किए जाते रहे।


त्रिवेणी मार्ग पर भजनानंदी संतों की टोलियां जहां झांझ-मजीरे के साथ झूमती रहीं, वहीं शिविरों से समूहों में निकलतीं महिलाएं मां गंगा के गीत गाते हुए संगम की ओर बढ़ती रहीं। संगम के अलावा अन्य स्नान घाटों पर महिलाएं डुबकी लगाने के साथ हल्दी-चंदन के टीके लगाकर कामनाओं के दीप जलाती रहीं। उसी में शंख और घंटियों की भी गूंज मचती रही और जयकारे भी लगाए जाते रहे।


स्नान के बाद पुरोहितों से तिलक-त्रिपुंड लगवाने के भी कतारें लगती रहीं। उसी भीड़ में लोग बिछड़ते और मिलते भी रहे। संगम के अलावा काली मार्ग के पूर्वी तट के अलावा राम घाट और दशाश्वमेध घाट पर भी स्नानार्थियों का रेला दिन भर उमड़ता रहा।
विज्ञापन

3 of 5
Prayagraj News : वसंत पंचमी पर संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला। - फोटो : प्रयागराज
स्नान पर्व पर ड्रोन से निगरानी, 15 लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का दावा
वसंत पंचमी पर माघ मेला प्रशासन ने शाम छह बजे तक 15 लाख श्रद्धालुओं के संगम में डुबकी लगाने का दावा किया है। मेला प्रशासन एसडीआरएफ, फ्लड कंपनी के जवानों के साथ प्रशिक्षित गोताखोर स्नान घाटों पर तैनात रहे। इस दौरान पांच सेक्टर में बसे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाती रही।


मेले में आने वाले स्नानार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए छह स्थानों पर पार्किग बनाई गई थी। ताकि, संगम आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान घाटों तक पहुंचने में कम दूरी तय करनी पड़े। इस दौरान एडीजी प्रेम प्रकाश, आईजी राकेश सिंह,एसएसपी अजय कुमार, एसपी मेला डॉ. राजीव नारायण मिश्र लगातार भ्रमण करते रहे।

4 of 5
Prayagraj News : वसंत पंचमी पर स्नान के बाद टीका लगाती युवतियां। - फोटो : प्रयागराज
संगम पर स्नानार्थी बेहोश, अस्पताल में भर्ती
वसंत पंचमी स्नान के दौरान शनिवार को एक बुजुर्ग स्नानार्थी की ठंड लगने से हालत बिगड़ गई। डुबकी लगाने के बाद वह कांपने लगा और कुछ देर बाद गिरकर बेहोश हो गया। जानकारी मिलने के बाद अफसरों ने उसे अंबुलेंस से त्रिवेणी अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार आ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
Prayagraj News : वसंत पंचमी पर संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला। - फोटो : प्रयागराज
रोडवेज ने चलाई एक हजार बसें, ट्रेनों में जोड़े गए अतिरिक्त कोच

माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्व में शामिल बसंत पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए यूपी रोडवेज द्वारा एक हजार बसों का संचालन विभिन्न स्थानों के लिए किया गया। इस दौरान रेलवे द्वारा प्रयागराज रामबाग स्टेशन से एक मेला स्पेशल ट्रेन चलाई गई, जबकि प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से संचालित सरयू एक्सप्रेस, फैजाबाद पैसेंजर आदि ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच जोड़े गए। 



रामबाग स्टेशन से रेलवे द्वारा पूर्व में दो मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की गई थी, लेकिन शनिवार को एक मेला स्पेशल ही बनारस के लिए चलाई गई। उधर प्रयागराज संगम से चलने वाली ट्रेनों में आज खूब भीड़ गई। शाम को मेरठ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगियों में भी बिना आरक्षण कराने वाले काफी यात्री घुस गए। इस वजह से आरक्षण कराने वाले यात्रियों को परेशानी हुई।



यहां से अयोध्या जाने वाली सरयू एक्सप्रेस में पांच, फैजाबाद पैसेंजर में तीन अतिरिक्त कोच लगाए गए। वहीं दूसरी ओर रोडवेज के सिविल लाइंस बस स्टेशन से ही दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, बस्ती, गोरखपुर, जौनपुर आदि रूट की ओर जाने वाली बसों का संचालन हुआ। हालांकि इस दौरान झूंसी से भी वाराणसी, गोरखपुर रूट आदि की बसें चलाई गईं। क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि बसंत के मौके पर तकरीबन एक हजार बसों का संचालन हुआ। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें