स्वास्थ्य विभाग की ओर से बृहस्पतिवार से एंटीजन टेस्ट शुरू किया जाएगा। टेस्ट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें कंटेनमेंट जोन में जाकर जांच करेंगी। इसके लिए शासन ने पांच हजार किट यहां भेजी हैं, इसकी रिपोर्ट आधे घंटे में ही मिल जाएगी। जांच करने वाली टीमों को बुधवार को सीएमओ दफ्तर में प्रशिक्षित किया गया। इसमें 15 तकनीशियन शामिल रहे।
कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि एंटीजन टेस्ट के लिए कोरोना की रोकथाम में लगी मेडिकल यूनिटों को लगाया जाएगा। टीम में दो डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट के साथ लैब तकनीशियन होगा। मोबाइल यूनिट कंटेनमेंट जोन में जाकर बुखार, खांसी, सांस लेने में दिक्कत होने वालों की जांच करेगी।