Prayagraj News : मतदाता पर्ची बनवाते वोटर्स।
- फोटो : अमर उजाला
चुनावी बस्तों में भाजपा और सपा की ही दिखी लड़ाई
बृहस्पतिवार को महापौर और पार्षदों के लिए हुए मतदान में चुनावी बस्तों को आधार मान लें तो मूल लड़ाई भाजपा और सपा के बीच ही दिखाई दी। बस्तों में जुटी भीड़ से हार-जीत के संकेत भी साफ दिखाई देते हैं। शहर में कुल 354 पोलिंग स्टेशन बनाए गए। यहां के 1180 बूथों पर लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। शहर पश्चिम, शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी के साथ विस्तारित क्षेत्र में सभी प्रमुख दलों ने पोलिंग स्टेशन के पास ही मतदाताओं की सहूलियत के लिए बस्ते लगाए। अधिकांश जगह भाजपा और सपा के बस्तों पर ही समर्थकों की भीड़ दिखाई दी।
इन बस्तों का बोझ बच्चे नहीं, बल्कि राजनीतिक कार्यकर्ता उठाते हैं। सभी मतदेय स्थलों पर सुबह छह बजे से ही राजनैतिक दलों ने बस्ते लगा रखे थे। पार्टी के झंडे भी लगाए गए, ताकि मतदाता समझ सके कि उन्हें किस स्टॉल पर पर्ची के लिए आना है। भाजपा और सपा ने तमाम वोटरों को उनके घरों पर ही वोटर पर्ची एक-दो दिन पूर्व पहुंचा दी थी।
बैरहना में महिला सेवा सदन इंटर काॅलेज, नवीन महिला इंटर काॅलेज, जमुना क्रिश्चियन इंटर काॅलेज, मेरी वाना मेकर, ब्वॉयज हाईस्कूल, गर्ल्स हाईस्कूल, राधारमण, बिशप जानसन, इंडियन गर्ल्स काॅलेज, सेवा समिति इंटर काॅलेज, राजकीय इंटर काॅलेज, एमएल कान्वेंट, ठाकुर दीन का हाता, महर्षि वाल्मीकि इंटर काॅलेज, अग्रसेन इंटर काॅलेज आदि पोलिंग स्टेशनों पर भाजपा और सपा के बस्ते पर ही वोटर लिस्ट में अपना नाम ढूंढने और पर्ची बनवाने वालों की ज्यादा भीड़ रही। हालांकि, कुछ बस्तों में कांग्रेस और बसपा भी मजबूत दिखी।