सुख-समृद्धि के त्योहार धनतेरस पर शुक्रवार को धनवर्षा हुई। सिविल लाइंस, चौक, कटरा, कोठापार्चा सहित शहर के अधिकांश बाजारों में सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। इस दौरान लोगों ने बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स व ज्वैलर्स के शोरूम पर जमकर खरीदारी की, जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। संगमनगरी के बाजारों को मां लक्ष्मी का भरपूर आर्शीवाद मिला। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने जिलेभर में तकरीबन 1400 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान लगाया है।
रात तक गुलजार रहा सराफा बाजार, खत्म हो गए सिक्के
सराफा बाजार में एक तरफ ज्वैलरी खरीदने वालों की भीड़ लगी रही तो दूसरी तरफ शगुन के तौर पर सोने के सिक्के और बुलियन ने भी जमकर आकर्षित किया। इस बार चांदी के सिक्के, नोट की बिक्री ने भी व्यापारियों की बाछें खिला दीं। रात तक बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। धनतेरस के मौके पर तमाम लोगों ने सहालग के लिए भी खरीदारी कर डाली। तमाम ज्वैलरी शोरूम में दोपहर तक हल्के तो शाम को भारी गहने बिके। सोने एवं चांदी के सिक्के को लेकर भी लोगों में खासा क्रेज रहा।
सिविल लाइंस स्थित तनिष्क शोरूम में सोने के सिक्के पाने के लिए ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही। यहां एक ग्राम से लेकर 50 ग्राम तक के सिक्के उपलब्ध रहे। इस दौरान कई अन्य शोरूम में भी चांदी एवं सोने के सिक्के खरीदने वालों की दिनभर भीड़ जुटी रही। चड्ढा ज्वैलर्स, राजवंश ज्वैलर्स, भगतराम जयनारायण, काशी अर्नामेंट हाउस कोठी, मनमोहन ज्वैल्स, सिसोदिया जेम्स एंड ज्वैल्स, राणा ज्वैलर्स , काशी अर्नामेंट्स, रिलायंस ज्वैल्स आदि नामी आभूषण के प्रतिष्ठान और शोरूम में लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी की।
ज्वैलर्स द्वारा मेकिंग चार्ज आदि में भी छूट एवं अन्य ऑफर का भी ग्राहकों ने फायदा लिया। आने वाले दिनों में सहालग को देखते हुए बहुत से लोगों ने अपनी बेटियों और बहुओं के लिए भी शॉपिंग की। ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि धनतेरस पर बाजार अच्छा गया।