रास्ते पर चौतरफा नाकेबंदी। बैरिकेडिंग प्वाइंट पर मुस्तैद पुलिस के जवान और दूर-दूर तक पसरा सन्नाटा। कोरोना का एक पॉजिटिव केस मिलने के बाद इंटेंसिव लॉकडाउन लागू होने के दूसरे दिन शाहगंज स्थित काटजू रोड का नजारा कुछ ऐसा ही दिखा। उधर, स्वास्थ्यकर्मी पूरे इलाके के सैनिटाइजेशन में लगे रहे।
दोपहर एक बजे के करीब काटजू रोड पर श्रीराम होटल से लेकर शाहगंज थाने तक सन्नाटा पसरा दिखा। इलाके को सील किए जाने के बाद काटजू रोड पर आवागमन प्रतिबंधित करने के लिए चौतरफा नाकेबंदी की गई थी। लीडर रोड की ओर से आने वालों को रोकने के लिए जंक्शन गेट नंबर दो पर बैरिकेडिंग कर जवान तैनात रहे। उधर, जोगीवीर तिराहे से आने वालों को टेंपो स्टैंड के पास की गई बैरिकेडिंग से ही वापस किया जा रहा था।