फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dev Deepawali : संगम तट पर देव दीपावली की धवल आभा से शरमाया पूनम का चांद, रंगोलियों, फूलों से निखरी भव्यता

Mon, 07 Nov 2022 11:56 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

कहीं भारत माता के रूप में कलाकृतियां सजाई गईं तो कहीं वंदेमातरम, तिरंगा प्यारा के साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे को प्रज्ज्वलित किया गया। संगम पर स्वस्छ भारत की परिकल्पना को भी सजाया गया और बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ के नारे को भी।
विज्ञापन
1 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर दीपों की आभा से जगमगाया संगम तट। - फोटो : अमर उजाला।
गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम तट पर सोमवार की शाम देव दीपावली पर दीपमालाओं की स्वर्णिम आभा ने रेती पर टिमटिमाते तारों का नया आकाश रच डाला। राष्ट्रीय मुद्दे, नारे और संदेशों के भावों को दीपों की अल्पनाओं में सजाया गया। 


कहीं भारत माता के रूप में कलाकृतियां सजाई गईं तो कहीं वंदेमातरम, तिरंगा प्यारा के साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे को प्रज्ज्वलित किया गया। संगम पर स्वस्छ भारत की परिकल्पना को भी सजाया गया और बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ के नारे को भी। देव दीपावली पर संगम के करीब एक किमी दायरे में सजीं दीपमालाएं त्रिवेणी के गले में दीपों के मुक्ताहार के रूप में इसी तरह दमकती रहीं।
विज्ञापन

2 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर दीपों की आभा से जगमगाया संगम तट। - फोटो : अमर उजाला।
मिलन और समागम के रूप में सदियों से जग विख्यात संगम की रेती पर सोमवार की सांझ दीपोत्सव के अनंत उपहारों के मानिंद सजकर आई। शंखध्वनि के दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ। शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के अलावा स्कूल-कॉलजों, सरकारी विभागों के कर्मचारी दिया-बाती के इस उत्सव को साकार करने में दिलोजान से जुटे रहे।
विज्ञापन

3 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर दीपों की आभा से जगमगाया संगम तट। - फोटो : अमर उजाला।
तरह-तरह की आकृतियों, अल्पनाओं के साथ रंगोलियों और गेंदा, गुलाब की पंखुड़ियों से सजे संदेशों और नारों को दीपों से सजाया गया। कोई अपने नाम की दीया जला रहा था तो कोई अपने विभाग का नाम दीपों से प्रज्ज्वलित कर रहा था। कोई संगम की लहरों पर दीपों की लड़ियां लगाता रहा तो कोई नावों पर।

4 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर दीपों की आभा से जगमगाया संगम तट। - फोटो : अमर उजाला।
संगम नोज, किला घाट, महावीर मार्ग, अक्षयवट मार्ग, रामघाट, आरती स्थल, दारागंज घाट दशाश्वमेध घाट तक दीपमालाएं एक साथ प्रज्ज्वलित हुईं तो लगा जैसे एक बारगी रेती पर स्वर्ग उतर आया हो। इस दीपोत्सव में बच्चों, महिलाओं, युवाओं ने दीया-बाती की कतारों में तरह-तरह के भाव सजाए। महिला सेवा सदन की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने संदेशपरक दीपों की कतार सजाई। 
विज्ञापन

5 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर दीपों की आभा से जगमगाया संगम तट। - फोटो : अमर उजाला।
इसी तरह आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने स्वास्तिक बनाकर सजाया। इसके अलावा स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के नारे को भी दीपमालाओं में सजाया। जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वास्तिक और ऊं के अलावा दीपों के पुष्पहार भी बनाए थे। 
विज्ञापन

6 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर दीपों की आभा से जगमगाया संगम तट। - फोटो : अमर उजाला।
सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, सेंट जोसेफ समेत शहर के 35 से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी परिकल्पनाओं से इस दीपोत्सव को साकार बनाने की कोशिश की। इनके अलावा जल निगम, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी अपने-अपने दीप जलाए।


-11 लाख दीपों से जगमग हुआ संगम नोज से लेकर अक्षयवट मार्ग तक गंगा का किनारा
-5:20 बजे शंखध्वनि के साथ हुआ दीपोत्सव का शुभारंभ
-35 से अधिक विद्यालयों के बच्चों ने सजाई रंगोली और दीपमालाएं
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
Prayagraj News : देव दीपावली पर बलुआघाट सजीं दीपमालाएं। - फोटो : अमर उजाला।
यमुना की उतारी आरती, दीपों की आभा से जगमगाया बलुआ घाट
यमुना के बलुआ घाट की बारादरी पर सोमवार की शाम दीपों की आभा जगमगाई। शाम होते ही दीपों की कतारें मन महोने लगीं। स्वार्णिम आभा देखते बन रही थी। कार्तिक महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने मां यमुना के तट पर इस दीपदान में हिस्सा लिया।


कार्तिक पूर्णिमा पर शाम को बलुआघाट बारादरी पर मां यमुना की भव्य महाआरती उतारी गई। मंत्रोच्चार के साथ पूजन करके बारादरी को रंगोलियों और दीपकों से सजाया गया। घाटों के अलावा नावों से यमुना की लहरों पर 21 हजार दीप जलाए गए। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष महेंद्र पांडेय, महामंत्री शशांक शेखर पांडेय, विजय मिश्रा, प्रवीण केशरवानी, कृष्णा पांडेय, सुरेंद्र सिंह, मुन्नू लाल, आरपी शास्त्री, कृष्ण गोपाल पांडेय, सनी अग्रहरि, महेंद्र सिंह, शिवनाथ केशरवानी, राज अग्रहरि, कृष्ण अग्रहरि, कृपा शंकर कुशवाहा, पप्पू जायसवाल, व्यापारी नेता अमर वैश्य मुन्ना भैया, प्रवीण मालवीय, समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें