फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देव दीपावली : संगम तट पर पांच लाख दीपों की स्वर्णिम आभा से उतरा स्वर्ग (फोटो)

Fri, 19 Nov 2021 10:10 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज

सार

मखमली रेती पर भव्य राम मंदिर मॉडल, वंदे मातरम और भारत माता के नक्शे पर सजीं दीपमालाएं। रेती पर परिकल्पनाओं के दीयों में प्रज्ज्वलित हुए स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के भी संदेश। 05 लाख दीपों से जगमग हुआ देव दीपावली पर संगम का किनारा। 5: 17 बजे शंखध्वनि के साथ हुआ दीपोत्सव का शुभारंभ। 21 विद्यालयों के बच्चों ने सजाई रंगोली और दीपमालाएं।
 
विज्ञापन
1 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
त्रिवेणी संगम के सुरम्य तट पर शुक्रवार की शाम अनंत भावों में सजी दीपमालाओं की स्वर्णिम आभा रेती पर स्वर्ग के मानिंद प्रज्ज्वलित हुई। दीपों में कहीं भारत माता के भाल के रूप में कलाकृतियां सजाई गईं तो कहीं वंदेमातरम, तिरंगा प्यारा, स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के संदेश जगमग हुए। संगम नोज पर अयोध्या में प्रस्तावित भव्य राम मंदिर के मॉडल को भी सजाया गया और बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ के नारे को भी। देव दीपावली पर संगम के पांच सौ मीटर दायरे का अप्रतिम दृश्य ऐसी ही परिकल्पनाओं में साकार होकर हर किसी को धन्य बनाने वाला था।
विज्ञापन

2 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
सदियों से समागम के लिए जानी जाने वाली संगम की रेती पर पर सांझ ढलते ही शंखध्वनि के दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ। दोपहर बाद से ही तरह-तरह की दीप आकृतियों, अल्पनाओं और गेंदा, गुलाब की पंखुड़ियों से सजी कलाकृतियों के रूप में दीये जलाए जाने लगे। कोई अपने नाम की दीया जला रहा था तो कोई अपने विभाग का नाम दीपों से प्रज्ज्वलित कर रहा था। कोई संगम की लहरों पर दीपों की लड़ियां लगाता रहा तो कोई नावों पर।
विज्ञापन

3 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
वीआईपी किला घाट से लेकर संगम नोज, महावीर मार्ग, अक्षयवट मार्ग, रामघाट, आरती स्थल,दारागंज घाट दशाश्वमेध घाट तक दीपमालाएं एक साथ प्रज्ज्वलित हुईं तो लगा जैसे एक बारगी रेती पर स्वर्ग उतर आया हो। इस दीपोत्सव में बच्चों, महिलाओं, युवाओं ने दीया-बाती की कतारों में तरह-तरह के भाव सजाए। आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने राम मंदिर के मॉडल को सजाया। इसके अलावा स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के नारे को भी दीपमालाओं में सजाया।

4 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
इसी तरह जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वास्तिक, ऊं के अलावा दीपों के पुष्पहार बनाकर जलाए। महिला सेवा सदन की शिक्षिकाओं संगीता, मोनिका साहू, सौम्या मालवीय के नेतृत्व में छात्राओं ने संदेशपरक दीपों की कतार सजाई। सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ समेत शहर के 21 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी परिकल्पनाओं से इस दीपोत्सव को साकार बनाने की कोशिश की। इनके अलावा विभागवार अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी बांस-बल्लियों के घेरे में अपने-अपने दीप जलाए।
विज्ञापन

5 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
51 हजार दीपों से जगमगाई बलुआघाट की बारादरी
बलुआ घाट की बारादरी शुक्रवार की शाम 51 हजार दीपों से जगमगा उठी। कार्तिक महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने मां यमुना के तट पर इस दीपदान में हिस्सा लिया।
विज्ञापन

6 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर गंगा आरती की गई। - फोटो : प्रयागराज
कार्तिक पूर्णिमा पर शाम को बलुआघाट बारादरी पर मां यमुना की बहुपात्रों से भव्य महाआरती उतारी गई। मंत्रोच्चार के साथ पूजन करके बारादरी को रंगोलियों और दीपकों से सजाया गया। घाटों के अलावा नावों से यमुना की लहरों पर दीप जलाए गए। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष महेंद्र पांडेय, महामंत्री शशांक शेखर पांडेय, विजय मिश्रा, कृष्णा पांडेय, सुरेंद्र सिंह, गोपाल कृष्ण पांडेय, मनोज त्रिपाठी, सनी अग्रहरि, प्रवीण मालवीय, मुन्नू लाल रस्तोगी, दत्तात्रेय पांडेय, प्रवीण केसरवानी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
विज्ञापन

7 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
दीपों से सजे तीर्थपुरोहितों के तख्त
प्रयाग बाल सभा के आह्वान पर संगम तट पर स्थित तीर्थपुरोहितों के तख्त भी दीपों से जगमगाए। तीर्थ पुरोहितों ने अपने-अपने तख्त पर भव्य दीपोत्सव मनाया। मिट्टी के दीये तो जले ही, रंग-बिरंगी झालरों से भी सजावट की गई। संस्था के अध्यक्ष अमित आलोक पांडेय, शैलेंद्र पांडेय, विक्रम तिवारी, नरेंद्र पांडेय, आलोक शर्मा, दिलीप कुमार दुबे समेत तमाम लोग उपस्थित थे।

8 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर गंगा आरती की गई। - फोटो : प्रयागराज
चीफ जस्टिस ने उतारी त्रिवेणी की आरती, गूंजा जयघोष
संगम पर कार्तिक पूर्णिमा के दीपोत्सव को अफसरों ने यादगार बनाया। विभागवार दीप जलाए गए। बतौर मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति राजेश कुमार बिंदल ने त्रिवेणी की आरती उतारी। पं. प्रदीप पांडेय, गुरुदत्त त्रिपाठी, दीपू मिश्रा के आचार्यत्व में उत्सव पाठक, प्रयाग पांडेय, प्रत्यक्ष पांडेय समेत 11 वैदिक ब्राह्मणों ने आरती में हिस्सा लिया।

इस दौरान न्यायमूर्ति एनके जौहरी, न्यायमूर्ति साधना रानी ठाकुर, न्यायमूर्ति समीर जैन, सांसद केशरी देवी पटेल, मंडलायुक्त संजय गोयल, आईजी राकेश सिंह, डीएम संजय कुमार खत्री, डीआईजी/एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी,एसडीएम मेला संत कुमार समेत कई अफसर मौजूद थे।

भजन संध्या से देव दीपावली को बनाया संगीतमय
गंगा गीतों, भजनों से शुक्रवार की शाम देव दीपावली महोत्सव को संगीतमय बनाया गया। वीरेंद्र कुमार और रोहिणी सिंह ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति की। ढोलक पर रवि सिंह, पैड पर आशीष, आर्गन पर रितुराज वसंत ने संगत की।

9 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
बाबा ताराराम पीली संगत में 11000 दीपदान
श्री तुलसी विवाह महोत्सव समिति की पहल पर मालवीय नगर स्थित बाबा ताराराम पीली संगत परिसर में विष्णु भगवान तथा मां तुलसी की पूजा-अर्चना के बाद दीपदान किया गया। समिति के मुख्य संरक्षक अमर वैश्य ‘मुन्ना भइया’ की देखरेख में मंदिर और बलुआ घाट बारादरी पर सामूहिक रूप से दीपदान करके यमुना से सुख समृद्धि की कामना की गई। घंटा-घड़ियाल, ढोल-मजीरा बजाकर आरती, फिर आतिशबाजी की गई। कार्यक्रम में यज्ञाचार्य संतोषानंद जी महाराज,कृष्ण भगवान केसरवानी, महिला अध्यक्ष गीता गुप्ता, कांति यादव, संतोषी देवी, सारिका यादव, चन्द्र प्रकाश मिश्र, सुनील कुमार आदि मौजूद थे।
विज्ञापन

10 of 10
Prayagraj News : देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमग हुए गंगा-यमुना के घाट। - फोटो : प्रयागराज
जिला न्यायालय परिसर में मनी देव दीपावली
देवदीपावली पर जिला न्यायालय परिसर स्थित न्याय धाम मंदिर में मुख्य पुजारी दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी शेषचंद्र शुक्ला और सुनील शुक्ला के आचार्यत्व में हनुमान, गणेश, लक्ष्मी आदि की पूजा-अर्चना के बाद दीपदान किया गया। हिंदी अधिवक्ता मंच के संयोजक ओंकार नाथ त्रिपाठी ने कहा, देवदीपावली सनातन धर्म व संस्कृति का जीवंत प्रमाण है। कार्यक्रम में अधिवक्ता सरजू प्रसाद द्विवेदी, सुरेश द्विवेदी, विद्याभूषण द्विवेदी, सुनील शुक्ला, संजू पांडे आदि शामिल थे। अधिवक्ता दिलीप सिंह ने प्रतिमाओं का शृंगार किया। अभिषेक सिंह, विशाल साहनी अमित नायक ने दोबारा सरस्वती की डोली पालकी यात्रा निकालने का प्रस्ताव रखा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें