एसबीआई का भरोसा मिलने के बाद यस बैंक के खाताधारकों में समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद जगी है लेकिन फिलहाल उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। खाते से सभी तरह के लेनदेन पर रोक लगा दी गई है। यहां तक कि एकाउंट पेई चेक भी स्वीकार नहीं है। चेक से सिर्फ कैश लिया जा सकेगा। कैश भी सिर्फ खाताधारक को मिलेगा। इन पाबंदियों की वजह से व्यापार पर भी बुरा असर पड़ने लगा है।
बैंक अफसरों के अनुसार यहां की तीनों शाखाओं में करीब दो हजार खाताधारक हैं। इनमें ज्यादातर व्यापारियों एवं पेंशनर्स के खाता हैं। इसके अलावा सैलेरी एकाउंट हैं। बैंक में आर्थिक संकट की सूचना के बाद शनिवार को भी शाखा में ग्राहकों की भीड़ जुटी। इनमें से ज्यादातर ने अधिकतम राशि यानी, 50 हजार रुपये निकाले। इस आर्थिक संकट को लेकर उनमें निराशा और नाराजगी भी रही। व्यापारियों में ज्यादा नाराजगी रही। विजय कश्यप, रोहित आदि का कहना था कि पैसा ट्रांसफर भी नहीं हो रहा है। इसके अलावा आरटीजीएस से भी भुगतान की अनुमति नहीं है। इससे दूसरे फर्मों का भुगतान रुक गया है। आखिर क्रेडिट पर कितने दिनों तक व्यापार चलेगा।