कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने चार प्रकार की साीधी भर्ती परीक्षाओं के साक्षात्कार कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। साथ ही समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2017 के अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया भी स्थगित कर दी गई है। इस बाबत आयोग के सचिव जगदीश ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
यूपीपीएससी में इन दिनों प्रवक्ता सिविल प्राविधिक शिक्षा विभाग के पदों पर सीधी भर्ती के लिए इंटरव्यू चल रहे हैं। आयोग ने 23, 24 एवं 25 मार्च को प्रस्तावित इंटरव्यू स्थगित कर दिया है।
वहीं, शिक्षा विभाग के तहत प्रवक्ता अर्थशास्त्र के पदों पर भर्ती के लिए 26 मार्च को इंटरव्यू प्रस्तावित था, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा प्रवक्ता भूगोल के पदों पर भर्ती के लिए 26 मार्च को इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था लेकिन अब यह इंटरव्यू भी नहीं होगा।