फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhath Puja 2021 : अरुणोदय की लाली से धरा पर उतरा सौभाग्य, उगते सूर्य को अर्घ्यदान के लिए संगम तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब (तस्वीरें)

Thu, 11 Nov 2021 09:18 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला ब्यूरो , प्रयागराज

सार

संगम तट सहित बलुआ घाट, द्रौपदी घाट, दारागंज, अरैल घाट, झूंसी, छतनाग घाट आदि स्थानों पर गंगा जल के बीच भगवान भाष्कर का भोर से पौ फटने तक व्रती महिलाओं ने लंबा इंतजार किया। आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ व्रतियों ने की छठ पूजा की पूर्णाहुति।
 
विज्ञापन
1 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
माथे पर अखंड सौभाग्य के रूप में सजा सिंदूर का टीका और आंचल फैलाकर उगते सूर्य की प्रतीक्षा करती व्रती महिलाओं का सैलाब बृहस्पतिवार को सर्व मंगल की कामना के लिए गंगा-यमुना के तटों पर उमड़ा तो कुछ देर के लिए भक्ति का सागर हिलोरें मारने लगा। अरुणोदय की लाली प्रस्फुटित होते ही संगम पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ आतिशबाजी होने लगी और उगते सूर्य को अपनी-अपनी कामनाओं के अर्घ्य समर्पित किए जाने लगे। षष्ठी मइया की आराधना की गीतों के साथ लोक उत्सव की वह छटा निहारने के लिए घर-घर से लोग निकल पड़े थे। उदित होते सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय डाला षष्ठी के व्रत का पारण हो गया।
विज्ञापन

2 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
सूर्य षष्ठी की आराधना के लोकोत्सव का रंग संगम पर भक्ति के रंग में खूब गाढ़ा हुआ। बड़ी तादाद में व्रती महिलाएं बुधवार की शाम प्रथम अर्घ्य देने के बाद अपनी वेदियों पर अखंड दीप जलाकर रात भर आराधना में जुटी रहीं। जबकि, सिर पर दीपों से प्रज्जवलित दउरा लेकर घर लौटने वाली महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भोर में ही संगम का रुख कर लिया।
विज्ञापन

3 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं।  - फोटो : प्रयागराज
भोर में पांच बजे तक रामघाट, दशाश्वमेध घाट,महावीर मार्ग से लेकर संगम नोज तक कीचड़ और दलदल की परवाह किए बगैर व्रती महिलाएं त्रिवेणी की धारा में खड़ी होकर भगवान सूर्य का इंतजार करने लगीं। संगम नोज पर रात भर अपनी बहू के साथ षष्ठी माता की आराधना करने वाली अल्लापुर की सुनयना त्रिपाठी ने भोर में ही बैंडबाजा बजवाना शुरू कर दिया। पिछले वर्ष की षष्ठी व्रत रखने के बाद उनकी बहू को वर्षों बाद पुत्र की प्राप्ति होने पर वह मां की वेदी सजाकर उनके द्वार पर बधाई बजाने आई थीं।

4 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
उन्होंने बताया कि षष्ठी मइया की महिमा का वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता। उनका मानना है कि मां के दरबार में आंचल फैलाकर जो मांगो वह पूरा जरूर होता है। लूकरगंज की नीता चक्रवर्ती ने पड़ोसन की प्रेरणा से इस बार व्रत रखा। वह भी अपने परिवार की महिलाओं की मौजूदगी में गंगा जल में खड़ी होकर अर्घ्य के लिए भगवान सूर्य की प्रतीक्षा करती रहीं।
विज्ञापन

5 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
उन्होंने बताया कि परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य के लिए यह व्रत किया है।  उसी भीड़ में सुशीला यादव महिलाओं के माथे पर सिंदूर का टीका लगाती रहीं। वह बताती हैं कि छठ व्रत में सर्व मंगल का कामनाएं होती हैं। व्रती महिलाएं सिर्फ पुत्र के लिए नहीं, नइहर से लेकर ससुराल तक के हर सदस्य की समृद्धि, बेेटे की नौकरी, पुत्री की अच्छे घर में शादी, पति के दीर्घायु के लिए कामना करती है।
विज्ञापन

6 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
छठ पूजा का प्रसाद वितरित करने की होड़
बृहस्पतिवार को सूर्योदय के बाद अर्घ्यदान के साथ ही ठेकुआ का प्रसाद बांटने की संगम तट पर होड़ सी मच गई। पूर्वांचल छठ पूजा समिति के शिविर में प्रसाद पहुंचाया जा रहा था। इसके लिए लाउडस्पीकर स अपील भी की जाती रही, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक छठ पूजा का प्रसाद पहुंचाया जा सके। इस प्रसाद में सिंदूर और सुहाग की चूड़ियां भी वितरित की जाती रहीं।
विज्ञापन

7 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
सुरक्षा कारणों से संगम के बड़े हिस्से को घोषित किया गया था निषिद्ध जोन
दलदल वाले किनारों को बल्लियों का घेरा बनाकर सुरक्षा की दृष्टि से निषिद्ध क्षेत्र घोषित कर दिया गया था। ताकि, लोग कीचड़ और दलदल में न फंसने पाएं। इसके लिए सुरक्षा घेरा भी बनाया गया था और मेला प्रशासन की ओर से लोगों को सचेत किया जाता रहा।

8 of 11
छठ पर्व 2021 : बलुआ घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
बलुआ घाट पर व्रती महिलाओं का उमड़ा सैलाब
यमुना के बलुआ घाट पर बृहस्पतिवार की भोर में व्रती महिलाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वहां घाट पर तिल रखने तक की कहीं जगह नहीं बची। व्रती महिलाओं ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में उत्सव के माहौल में अर्घ्य दिया। इस दौरान बलुआ घाट पर घंटों आतिशबाजी होती रही।   

किन्नरों ने की छठ मइया की पूजा, दिया अर्घ्य
किन्नर अखाड़े की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर कौशल्या नंद गिरि के साथ बृहस्पतिवार को किन्नरों ने हंडिया में लाक्षागृह घाट पर छठ पूजा की। इस दौरान किन्नरों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर लोक मंगल की कामना की। इस मौके पर पिंकी, लवली, रानी, कविता, नैना, परी समेत कई किन्नरों ने अर्घ्य दिया। 

9 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए अरैल घाट पर उमड़ी भीड़ 

डाला छठ पर व्रती महिलाओं ने बृहस्पतिवार भोर में अरैल घाट पहुंचकर छठी मैया का विधिवत पूजन अर्चन करने के पश्चात पानी में खड़े होकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। अर्घ्य देकर महिलाओं ने पुत्र के लिए दीर्घायु की प्रार्थना की। भोर ही महिलाएं परिवार के साथ घाट पर पहुंचे गई। वहीं पूरे घाट पर रंगीन झालरों से सजाया गया था। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद लोगों ने घाट पर जमकर आतिशबाजी की। घाट पर पूर्वांचल महासमिति के सदस्यों व पदाधिकारियों की ओर से पर्व को लेकर पूर्ण व्यवस्था की गई थी।

10 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
छठ पूजा को लेकर अरैल में तीन घाट बनाए गए थे। हर घाट के लिए प्रवेश द्वार के साथ वहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई थी। पूर्वांचल महासमिति छठ पर्व को लेकर एक सप्ताह से घाट पर व्यवस्था करने में जुटी हुई थी। बृहस्पतिवार भोर में ही महिलाएं परिवार के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर पहुंचने लगी। पानी में खड़ी होकर वह सूर्योंदय का इंतजार करने के साथ सूर्य को उर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए समिति के द्वारा घाट पर कई शिविर बनाया गया था। शिविरों के माध्यम से सभी आगंतुक बंधुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया जा रहा था।
विज्ञापन

11 of 11
छठ पर्व 2021 : संगम तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज
पूर्वांचल महासमिति छठ पूजा के अध्यक्ष अरुण यादव अपने सभी पदाधिकारियों के साथ घाट पर मुस्तैद रहे। घाट पर पूजा अर्चना को विधि विधान पूर्वक संपन्न कराने के लिए सारी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थी द्य इस अवसर पर पूर्वांचल महासमिति के अध्यक्ष अरुण यादव, दयानंद पांडेय, एस.पी यादव ,विजय तिवारी,विजय सिंह,धनेश सिंह,हरेंद्र सिंह, पप्पू सिंह ,प्रमोद सिंह,अरुणतिवारी,राजेंद्र तिवारी,पवन यादव,दिलीप यादव,अनिल दीक्षित,आलोक सिंह, मीडिया प्रभारी संजय श्रीवास्तव,सरदार पतविंदर सिंह,हरमन जी सिंह आदि कई लोग मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें