allahabad university
- फोटो : प्रयागराज
छात्रसंघ बहाली के लिए अध्यक्ष उदय प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, महामंत्री शिवम सिंह समेत नौ छात्र नेता आमरण अनशन पर बैठे हैं। सोमवार को छात्रसंघ भवन पर तमाम छात्र-छात्राएं अनशनकारियों को समर्थन देने पहुंचे। सपा जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव और एमएलसी बासुदेव यादव ने भी मौके पर जाकर समर्थन दिया। देर शाम सैकड़ों समर्थक छात्रसंघ भवन पहुंचे और कहा कि इविवि में किसी भी सूरत में छात्रसंघ को खत्म नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ी जाएगी।
इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने छात्रसंघ भवन के कॉमन हॉल का ताला तोड़ दिया। उनका कहना था कि साल भर की फीस के साथ छात्रसंघ के लिए भी शुल्क जमा करा लिया जाता है। ऐसे में छात्रसंघ के कॉमन हॉल पर आम छात्रों का अधिकार है। हालांकि पदाधिकारियों के कमरों पर लगे तालों को किसी ने नहीं छुआ। सूचना इविवि प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। इविवि प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कुछ पुलिस कर्मियों ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल भी की।
उधर, चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे और डीएसडब्ल्यू प्रो् हर्ष कुमार ने डीएम और एसएसपी को पत्र लिखकर घटना की जानकारी देते हुए आशंका जताई है कि छात्रसंघ का ताला टूटने के बाद परिसर में तोड़फोड़, हिंसा और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि अनशनकारियों में ज्यादातर इविवि के छात्र नहीं हैं और जो छात्र हैं, वे किसी न किसी अनुशासनहीनता में शामिल रहे हैं। डीएम-एसएसपी से परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती और कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया है।