खागलपुर में हुई वारदात में पत्नी व तीन मासूमों का कत्ल करने वाले राहुल के सिर पर खून सवार था। उसने सभी को सोते वक्त मौत के घाट उतारा। बच्चों को जहां गला रेतकर मारा, वहीं पत्नी का गला रेतने के साथ ही उसके चेहरे पर भी वार किया था। हैवानियत का यह मंजर देख ग्रामीणों ही नहीं बल्कि पुलिसकर्मी भी स्तब्ध थे।
नवाबगंज का खागलपुर गांव प्रयागराज-लखनऊ हाईवे से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। गांव तक जाने के लिए संपर्क मार्ग बनाया गया है। यहीं पर बीएसएफ में तैनात सहायक कमांडेंट सुरेश शुक्ला ने मकान बनवाया है और इसी मकान में राहुल तिवारी अपने परिवार के साथ रहता था। मकान में कुल तीन कमरे हैं, जिनमें से दो में राहुल व उसका परिवार रहा करता था जबकि एक में संदीप पाल रहता है।