आगरा में बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। रविवार सुबह को शुरु हुई बारिश देर रात तक होती रही। बारिश से ठंड ने अब दस्तक दे दी है। सुबह से शाम तक कुल 7.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पांच डिग्री सेल्सियस तापमान लुढ़क गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन बारिश के आसार रहेंगे।
तीन दिनों से प्रदेश के सबसे प्रदूषिण शहरों में शुमार आगरा की हवा की गुणवत्ता भी बारिश ने सुधार दी है। बदले मौसम के बाद हुई बारिश से धूल कणों में एकदम कमी आ गई। इससे प्रदूषण कम हुआ है। शहर में संजय प्लेस, आवास विकास कालोनी, मनोहरपुर, ताजगंज और रोहता जैसी जगहों पर सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की मात्रा 325 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर पर थी, जो सुबह की बारिश के बाद एकदम नीचे 40 माइक्रोग्राम पर आ गई। दोपहर की बारिश के बाद सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की मात्रा महज 16 रह गई।