आगरा में देवशयनी एकादशी की शाम जमीन और आसमान पर दुर्लभ संयोग से खूबसूरत तस्वीर बनी। इसने मानवीय और प्रकृति के रिश्ते को नए तरह से परिभाषित किया। जमीन पर शाम के धुंधलके में जहां सड़क वाहनों की रोशनी से चमक रही थी, उसी वक्त आसमान पर काले बादलों की मोटी परत बिछी हुई थी। और इसे खाली आसमान की एक रेखा विभाजित कर रही थी...मानो बारिश की अगवानी के लिए आसमान और जमीन पर बादलों और रोशनी की बरात सज रही हो।
काली घटाओं से पूरी ताजनगरी घिर गई। मंगलवार शाम को बदरा जमकर बरसे। रात में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश होने से जहां गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली, वहीं सड़कों पर हुए जलजमाव से परेशानियों का सामना करना पड़ा।