मध्यप्रदेश और राजस्थान में लगातार हो रही बारिश के कारण चंबल नदी उफान पर है। 24 घंटे में नदी का जलस्तर 36 फुट बढ़कर 112 मीटर से 121 मीटर पहुंच गया। प्रति घंटे डेढ़ फुट की दर से पानी बढ़ने से बाह तहसील के 36 गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने इन गांवों में अलर्ट भी जारी कर दिया है। लेखपालों को गांवों में ही रुकने और जलस्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम बाह अब्दुल बासित ने बुधवार को पिनाहट, उमरैठा पुरा, बीच का पुरा और तहसीलदार बाह राजू कुमार को गोहरा गांव जाकर स्थिति देखी। ग्रामीणों को नदी किनारे न जाने और ऊंचाई वाले इलाकों में रहने के निर्देश दिए। पिनाहट में स्टीमर और विभिन्न घाटों पर नावों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल खतरे के निशान 130 मीटर से 9 मीटर नीचे चंबल नदी से डगौरा, रेहा, बरेंडा, बीच का पुरा, क्योरी, उमरैठापुरा, डालपुरा, शिवलालपुरा, झरनापुरा, गोहरा, रानीपुरा, भटपुरा, गुढ़ा, भगवानपुरा, मऊ की मढै़या आदि गांवों के लोग परेशान हैं।