फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशिक्षु विमान क्रैश: 'प्लीज मेरा वीडियो मत बनाओ', हाथ जोड़ महिला पायलट ने कही ये बात; बेहद घबराई थी कायनात

Tue, 30 Jun 2026 03:00 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, कासगंज

सार

अलीगढ़ से उड़ान पर निकला एक प्रशिक्षु विमान सोमवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग के समय कासगंज में निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे (पुलिस लाइन के पीछे) क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार महिला पायलट घायल हो गई।
विज्ञापन
1 of 11
Trainee aircraft crashes - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अलीगढ़ से उड़ान भरने के बाद प्रशिक्षु विमान में जब तकनीकी खराबी आ गई तो महिला पायलट कायनात खान ने घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लिया। एविएशन कंपनी से संपर्क टूटने और विमान के रास्ता भटकने पर पायलट ने कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए जिले की सीमा में आबादी क्षेत्र के ऊपर दो से तीन बार चक्कर लगाए। 

फिर विमान को आबादी से बाहर ले जाकर निर्माणाधीन बरेली-मथुरा सिक्स लेन हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराने की कोशिश की ताकि हादसे में जनहानि न हो। हालांकि, इमरजेंसी लैंडिंग का प्रयास करते समय विमान विद्युत तारों की चपेट में आ गया। इस वजह से हाईवे पर सही से लैंडिंग नहीं हो सकी और विमान हाईवे के किनारे मिट्टी पर क्रैश हो गया।
विज्ञापन

2 of 11
कासगंज में विमान क्रैश - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे के बाद मौके पर पहुंची एविएशन कंपनी की टीम के अनुसार, जब विमान ने अलीगढ़ से उड़ान भरी थी तो उसमें एक घंटे का फ्यूल था। विमान के भटक कर कासगंज की ओर आ जाने और काफी देर तक उसकी लोकेशन नहीं मिलने पर कंपनी में खलबली मच गई। बाद में उसके कासगंज में क्रैश होने की सूचना मिली। अब एविएशन कंपनी की टीम हादसे की वजह जानने के लिए जांच में जुटी है कि हादसा किन हालात में हुआ।
 
विज्ञापन

3 of 11
कासगंज में विमान क्रैश, जांच के लिए पहुंची टीम - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एविएशन कंपनी को सौंपे पायलट के सर्टिफिकेट
हादसे के बाद पायलट का मोबाइल विमान में छूट गया था। दमकल विभाग की टीम ने तलाशी ली तो विमान के अंदर से फर्स्ट एड बॉक्स और पायलट के सर्टिफिकेट मिले। हालांकि, टीम को मोबाइल नहीं मिल सका था। बाद में एविएशन कंपनी की टीम मौके पर पहुंची तो प्रशासन ने फर्स्ट एड बॉक्स और पायलट के सर्टिफिकेट उनके हवाले कर दिए। 

4 of 11
कासगंज में विमान क्रैश, महिला पायलट घायल - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हाथ जोड़कर बोली- प्लीज मेरा वीडियो मत बनाओ
हादसे के बाद महिला पायलट विमान से बाहर निकलकर आई तो मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर पायलट ने हाथ जोड़ते हुए गुहार लगाई कि प्लीज मेरा वीडियो मत बनाओ...। पायलट बेहद घबराई हुई लग रही थी। उसे असहज होता देख ग्रामीणों ने वीडियो बनाना बंद कर दिया और उसकी मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
 
विज्ञापन

5 of 11
कासगंज में विमान क्रैश - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्लेन देखने के लिए रात तक पहुंचती रही भीड़
विमान हादसे की सूचना सोशल मीडिया के जरिये लोगों तक पहुंची तो शहर से लोगों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंचनी शुरू हो गई। रात तक लोगों की भीड़ प्लेन देखने के लिए पहुंचती रही। इस दौरान पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ताकि हादसे की जांच में किसी तरह की परेशानी न हो। 
 
विज्ञापन

6 of 11
कासगंज में विमान क्रैश - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रशिक्षु विमान निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे क्रैश, महिला पायलट घायल
अलीगढ़ से उड़ान पर निकला एक प्रशिक्षु विमान सोमवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग के समय कासगंज में निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे (पुलिस लाइन के पीछे) क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार महिला पायलट घायल हो गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल की गाड़ियां, एंबुलेंस व पुलिस मौके पर पहुंचीं और घायल पायलट कायनात खान (27) निवासी पवई, मुंबई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एविएशन कंपनी की टीम भी मौके पर पहुंच गई। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
 
विज्ञापन

7 of 11
कासगंज में विमान क्रैश, लोगों की भीड़ हुई जमा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चेतक एविएशन कंपनी के प्रशिक्षु विमान ने जिला अलीगढ़ की धनीपुर हवाई पट्टी से उड़ान भरी थी। विमान कासगंज की सीमा में उड़ रहा था, तभी दोपहर करीब 3:15 बजे विमान में तकनीकी खराबी आ गई। विमान का संपर्क एविएशन कंपनी से टूट गया। इससे विमान चला रहीं महिला पायलट कायनात खान रास्ता भटक गईं।

 

8 of 11
कासगंज प्लेन क्रैश - फोटो : अमर उजाला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान काफी कम ऊंचाई पर आ गया और संतुलन बिगड़ने लगा। पुलिस लाइन के आसपास लोगों ने विमान को हवा में हिचकोले खाते देखा। पायलट ने सूझबूझ के साथ आबादी से दूर पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की लेकिन विमान विद्युत तारों से टकरा गया और हाईवे के किनारे मिट्टी पर जा गिरा। तेज आवाज के साथ धूल का गुबार उठा तो ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।

9 of 11
कासगंज प्लेन क्रैश - फोटो : अमर उजाला
हादसे में विमान क्षतिग्रस्त हो गया और महिला पायलट घायल हो गईं। विमान हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस में खलबली मच गई। डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार, एसडीएम सदर संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

10 of 11
हाईवे पर ग्रामीणों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जानकारी ली। करीब एक घंटे के बाद अलीगढ़ से एविएशन कंपनी की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने विमान का मुआयना करके हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

11 of 11
घटनास्थल पर जमा भीड़ - फोटो : अमर उजाला
तकनीकी खराबी के चलते प्रशिक्षु विमान पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे क्रैश हो गया। प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। घायल पायलट को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एविएशन कंपनी हादसे की जांच कर रही है।-प्रणय सिंह, डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें