आगरा के सीता नगर में शादी वाले परिवार में तीन मौतों के बाद मंगलगीत की जगह करुण क्रंदन गूंजने लगा। हर्ष, प्रेम और अंकित राठौर की मौत से परिजनों का हाल बेहाल हो गया। अंकित चार बहन में अकेला भाई था। भाइयों की मौत से दुल्हन रीना भी फूट-फूटकर रो रही थी। यह देखकर मोहल्ले में हर आंख नम हो गई। बहन की डोली उठने से पहले रिश्तेदारों ने तीनों भाइयों की अर्थी उठाई। इसके बाद शादी की रस्म हुईं। परिवार के पांच लोगों के साथ दुल्हन को ग्वालियर भेजा गया था। रीना बचपन से अपने नाना के घर में पली बढ़ी थी। उसे मामा पवन कुमार ही संभाल रहे थे। कई दिन से परिवार शादी की तैयारी में लगा था। पवन का बेटा हर्ष भी कई दिन से सोया नहीं था। वह बहन की शादी में ग्वालियर जाने की तैयारी कर रहा था। रात में घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसा करने वाले ट्रक की तलाश करने लगे। मगर, वो नहीं मिला।