ताजनगरी में रविवार खुशियां लेकर आया। युद्धग्रस्त यूक्रेन से पांचवें दिन तीन बच्चे सकुशल घर लौट आए। घर में खुशियां छाईं, तो दूसरी तरफ प्रशासन और सरकार की मेहनत रंग लाई। घर पहुंचते ही दयालबाग निवासी साक्षी सिंह, ट्रांस यमुना निवासी यश यादव और नगला पदी निवासी उदिशा गुप्ता की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। यूक्रेन का मंजर भुलाकर तीनों परिवार के साथ खुशियां मना रहे हैं। तीनों मेडिकल की पढ़ाई के लिए यूक्रेन गए थे। जहां रूस से युद्ध शुरू होने के बाद वे फंस गए। यूक्रेन में अभी आगरा के 30 छात्र-छात्राएं फंसे हुए हैं। इन्हें सुरक्षित वापस निकालने के प्रयास जारी हैं।
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह का कहना है कि सभी छात्रों को सकुशल वापस लाने के प्रयास जारी हैं। जिला आपदा विशेषज्ञ प्रवीन किशोर का कहना है कि आगरा के प्रत्येक छात्र व उनके परिजनों से पल-पल की खबर ले रहे हैं। रविवार को 17 परिजनों ने अपने बच्चों के बारे में कंट्रोल रूम पर सूचित किया है। जिनमें तीन बच्चे लौट आए हैं। बाकी 30 बच्चों को बॉर्डर पहुंच गए हैं। अगली फ्लाइट से उन्हें भी स्वदेश वापस लाया जाएगा।